सुरक्षा, साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी विभागों को दिया निर्देश
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। लोक आस्था का महापर्व आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर बोकारो जिला प्रशासन की ओर से लगातार तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।
समीक्षा के क्रम में बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने 23 अक्टूबर को जिला के हद में चास अनुमंडल क्षेत्र के बीएस सिटी एवं चास नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी एवं एसपी ने बोकारो के सेक्टर बारह डी, बहरागोड़ा, सतनपुर, टू टैंक गार्डन, सेक्टर नाइन कूलिंग पौण्ड, सेक्टर चार डी जगन्नाथ मंदिर, सेक्टर चार एफ सूर्य मंदिर, सेक्टर पांच अय्यप्पा मंदिर तथा चास नगर निगम क्षेत्र के सोलांगडीह एवं गरगा नदी चेक पोस्ट स्थित छठ घाटों का दौरा किया।

निरीक्षण के क्रम में छठ घाटों की भौतिक स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की गयी। मौके पर उपायुक्त झा ने निर्देश दिया कि सभी घाटों पर आगामी 25 अक्टूबर तक साफ-सफाई एवं लाइटिंग व्यवस्था पूरी कर ली जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने नगर निगम, बीएसएल प्रशासन और संबंधित समिति सदस्यों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
डीसी झा ने सभी छठ घाटों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने* का आदेश दिया, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा निगरानी सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, बांस के पुल एवं अस्थायी संरचनाओं की जांच भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता द्वारा कराकर सुरक्षा प्रमाण पत्र जारी करने को कहा गया। उन्होंने गहरे तालाबों और नदियों के किनारे गोताखोरों की टीम की प्रतिनियुक्ति और ट्यूब-रस्सी की पर्याप्त व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।
डीसी ने कहा कि छठव्रतियों के सुविधा हेतु सभी घाटों पर चेंजिंग रूम का निर्माण किया जाए। उन्होंने यह भी अपील की कि नेम, नेष्ठा और पवित्रता को बनाए रखना जिला प्रशासन और आमजन दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि आपकी भक्ति एवं श्रद्धा में हमारी आस्था है, प्रशासन आपकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतया समर्पित है।

डीसी ने चास एवं बेरमो एसडीओ को निर्देश दिया कि आगामी 25 अक्टूबर को तेनुघाट और गरगा डैम से सीमित मात्रा में पानी छोड़कर नदी की स्थिरता जांच लें, ताकि घाटों पर सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही 27 अक्टूबर को पानी नहीं छोड़े जाने का निर्देश दिया गया है, जिससे व्रत के दौरान नदी का जल स्तर स्थिर बना रहे।
ज्ञात हो कि छठ पर्व के दौरान जिले के सभी घाटों पर मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। आवश्यकतानुसार मिनी कंट्रोल रूम भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि किसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। पुलिस विभाग को भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा निगरानी की पूरी जिम्मेदारी दी गई है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे छठ पर्व के दौरान साफ-सफाई बनाए रखें, अपशिष्ट पदार्थ जलाशयों में नहीं डालें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
सभी विभागों को मिलकर सुरक्षित, स्वच्छ और श्रद्धापूर्ण छठ पर्व संपन्न कराने के लिए निर्देशित किया गया है।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा, सीटी डीएसपी आलोक रंजन, एसडीपीओ चास प्रवीण कुमार, डीडीएमओ शक्ति कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, सहायक नगर आयुक्त स्मिता, संबंधित थानों के थाना प्रभारी आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply