Advertisement

डीएवी कथारा के विद्यार्थी राज्य स्तरीय गणित प्रतियोगिता में चयनित

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सिप अबेकस द्वारा आयोजित अंकगणित प्रतिभा प्रतियोगिता में बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा के 26 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। विद्यालय स्तर पर यह प्रतियोगिता कक्षा प्रथम से पांचवी तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई थी।

जानकारी देते 9 दिसंबर को डीएवी कथारा के शिक्षक रंजीत कुमार सिंह तथा बी. के दसौंधी ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में गणितीय कौशल और आत्मविश्वास की वृद्धि करना है। बताया कि वर्ग प्रथम से अमायरा, रिम्शा, बप्पा रावल, अस्मित, मानसी बर्मन, दूसरी कक्षा से आरव, आदित्य, विराट, मारिया, पवन और प्रत्यूष सफल हुए।

बताया गया कि कक्षा तीसरी से ऋषभ, रेहान, रॉयल, तबु रेहान, अर्णव, चौथी कक्षा से निखिल, लक्ष्य, विराट, आयुष, आयुष कुमार साव तथा पंचम वर्ग से शिवांश, प्रिंस प्रधान, निशांत कुमार, नीति कुमारी, अशरफ वारसी का चयन किया गया था।

विद्यालय की प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में विद्यालय के प्राचार्य सह -झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉक्टर जी. एन. खान ने सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया। सिप अकादमी के प्रतिनिधियों ने प्राचार्य को स्मृति चिह्न से सम्मानित किया। प्राचार्य ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए सफल बच्चों को शुभकामनाएं प्रदान की और विश्वास व्यक्त किया कि ये राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी शिरकत करेंगे।

उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जमशेदपुर में आयोजित की जाएगी। सिप अकादमी द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत तथा विदेशों के बच्चे भी हिस्सा लेते हैं। इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। यह उनमें 21वीं सदी की कुशलता एवं बौद्धिक क्षमता विकसित करते हैं।

प्राचार्य डॉ खान ने कहा कि प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा निखारने का एक जरिया तो है ही, साथ ही साथ इनके माध्यम से बच्चे स्वयं भी अपना आकलन कर पाने में सक्षम हो पाते हैं। प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारी भारत भूमि आर्यभट्ट और रामानुजन जैसे गणितज्ञों की भूमि रही है। हमारे इन नौनिहालों में भी वही प्रतिभा और ऊर्जा है। मुझे पूरा विश्वास है कि ये बच्चे विद्यालय ही नहीं वरन् अपने देश का नाम भी रोशन करेंगे।

समस्त आयोजन का मंच संचालन शिक्षक बी. के. दसौंधी ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, जितेंद्र दुबे, असित कुमार गोस्वामी, दीपक कुमार, संगीत कुमार, मधुमल्लिका उपाध्याय, ममता पात्रा, जयप्रकाश गिरि, सुरभि दुबे सहित सभी शिक्षक शिक्षिका उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *