प्रहरी संवाददाता/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में महनार थाना क्षेत्र के लावापुर गांव में 6 जुलाई को बेटी के ससुराल गए एक पिता की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने का समाचार प्राप्त हुआ है। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिला के हद में कुढ़नी थाना क्षेत्र के मुसापुर रहिवासी 55 वर्षीय सुरेंद्र झा के रूप में हुई है।
घटना के सम्बन्ध में बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो अपराधियों ने सुरेंद्र झा के सिर और सीने में दो गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के रहिवासी जमा हुए, लेकिन तब तक अपराधी मौके से फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलने पर महनार एसडीपीओ और थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से दो खाली कारतूस बरामद की है। पुलिस आसपास के रहिवासियों से घटना की बाबत पूछताछ कर रही है।
बताया गया कि मृतक के पुत्र ने उनकी बेटी के ससुराल से कुछ पैसे लिए थे। इस मामले को लेकर पिछले दिनों पंचायत भी हुई थी, जिसमें पैसे लौटाने की बात तय हुई थी। सुरेंद्र झा 6 जुलाई को मुजफ्फरपुर से उक्त पैसा लौटाने के लिए लावापुर पहुंचे थे। पैसे देकर जैसे ही वे अपनी बेटी के घर के दरवाजे पर पहुंचे कि, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधी पहुंचे और उन्हें गोली मार दी।
![]()













Leave a Reply