Advertisement

झारखंड सरकार के उन्नति का पहिया कार्यक्रम के तहत चास प्रखंड में साइकिल वितरण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी योजना उन्नति का पहिया के अंतर्गत बोकारो जिला के हद में चास प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय, जामकोडिया में कक्षा 8 के विद्यार्थियों के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक उमाकांत रजक की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में क्षेत्र के कुल 20 पंचायतों के उन विद्यार्थियों को साइकिल दी गई जो दूर-दराज़ के गांवों से प्रतिदिन स्कूल आते हैं।

जानकारी देते हुए चास के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्कूली शिक्षा को प्रोत्साहित करना है। विशेषकर उन बच्चों के लिए जो दूरी के कारण अक्सर कक्षा 8 के बाद पढ़ाई छोड़ने को विवश हो जाते हैं। बताया कि उन्नति का पहिया योजना वैसे बच्चों को नियमित स्कूल आने हेतु प्रेरित करती है और उनके भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

उन्होंने बताया कि पूरे चास प्रखंड में दो प्रमुख साइकिल वितरण केंद्र चिन्हित किए गए हैं, पहला आज़ाद नगर ग्रामीण मध्य विद्यालय और दूसरा राजकीय मध्य विद्यालय जामकोडिया, जहाँ कुल 4800 साइकिलों को असेम्बल किया जा रहा है। उक्त साइकिलें बाद में चास प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में नामांकित छात्रों को दी जाएंगी।
साइकिल वितरण कार्यक्रम में स्थानीय शिक्षक, अभिभावक और पंचायत प्रतिनिधियों की भी सक्रिय सहभागिता रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *