Advertisement

रामलखन टुंगरी मेला में उमड़ा जनसैलाब, सांसद व पूर्व विधायक शामिल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। मकर संक्रांति एवं टुसू परब के अवसर पर बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मंजूरा पंचायत अंतर्गत मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के पदचिह्न से जुड़े ऐतिहासिक रामलखन टुंगरी मेला में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर गिरिडीह सांसद सीपी चौधरी मेले में शामिल हुए और मेला परिसर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।

कार्यक्रम के दौरान सांसद ने कहा कि रामलखन टुंगरी मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक आत्मा है। यह मेला हमारी परंपराओं, लोक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में इस मेले को और अधिक भव्य, सुव्यवस्थित तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जाएगा, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर अनुभव मिल सके।

सांसद ने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। उपस्थित गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने अपने संबोधन में कहा कि रामलखन टुंगरी मेला हमारी सनातन परंपरा, लोक संस्कृति और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति और टुसू परब जैसे पर्व हमें आपसी भाईचारे, प्रेम और सहयोग का संदेश देते हैं। डॉ महतो ने कहा कि क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों का संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि हमारी सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सके।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज, कौशल्या देवी, शिशुपाल महतो, देवेंद्र महतो, बिनोद महतो सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित रहे। मेले में पारंपरिक लोक संस्कृति, श्रद्धा और उत्सव का माहौल बना रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *