रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास अनुमंडल परिसर में भाजपा समर्थित चास नगर निगम के मेयर पद के प्रत्याशी अविनाश कुमार सिंह ने 3 फरवरी को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
इस अवसर पर पूरा अनुमंडल परिसर भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों से खचाखच भरा रहा। सिंह के नामांकन कार्यक्रम में भाजपा झारखंड एवं भाजपा बोकारो के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, पार्षद प्रत्याशी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य व् वरीय भाजपा नेता कुमार अमित ने कहा कि अविनाश कुमार सिंह भाजपा के उन समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ताओं में से हैं, जिन्होंने हमेशा संगठन और जनता के हित में ईमानदारी से कार्य किया है। उनका स्वभाव सरल, सोच विकासोन्मुख और दृष्टिकोण पूरी तरह जनकल्याणकारी है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि यदि चास नगर निगम की कमान उनके हाथों में जाती है, तो नगर का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के विकास मॉडल को जमीन पर उतारने का कार्य इनके नेतृत्व में चास में प्रभावी ढंग से होगा। स्वच्छता, पेयजल, सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा और डिजिटल सेवाओं में चास नगर निगम एक नई पहचान बनाएगा। कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता तन-मन-धन से उनके समर्थन में खड़ा है और जनता का आशीर्वाद उन्हें भारी बहुमत से विजयी बनाएगा।
मेयर पद के प्रत्याशी अविनाश कुमार सिंह ने भी उपस्थित नेताओं और जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए चास को आदर्श नगर निगम बनाने का संकल्प दोहराया। नामांकन कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया।
![]()













Leave a Reply