समस्तीपुर ननि की तरह ताजपुर नप भी दो वर्ष का टैक्स माफ़ी प्रस्ताव पारित करे-सुरेंद्र
एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (झारखंड)। समस्तीपुर नगर निगम के तरह ताजपुर नगर परिषद भी बोर्ड की बैठक कर दो वर्ष का टैक्स माफी का प्रस्ताव पारित कर सरकार को भेजे। ताजपुर नगर परिषद का गठन कम आय वाला दलित- गरीब टोला- मुहल्ला एवं कृषि क्षेत्र को लेकर किया गया है। उक्त बातें 8 जनवरी को भाकपा माले ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कही।
उन्होंने कहा कि ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र में नाला, जलापूर्ति, सड़क, कूड़ा उठाव, पहुंच पथ, सफाई, प्रकाश व्यवस्था आदि मूलभूत सुविधा का एभाव है। कहा कि नगर परिषद का बोर्ड गठन जनवरी 2023 के समय से टैक्स वसूली का प्रावधान होना चाहिए, जबकि नगर परिषद गठन की अधिसूचना मार्च 2021 से टैक्स वसूली किया जा रहा है।
यह अन्याय है। कहा कि इस अन्याय के खिलाफ भाकपा माले मूलभूत सुविधा मुहैया होने एवं टैक्स माफ होने तक संघर्ष जारी रखेगा। इसी क्रम में भाकपा माले 10 जनवरी को 11:30 बजे से अस्पताल चौक से जुलूस निकालकर नगर परिषद कार्यालय का घेराव करेगी। इसे लेकर कार्यपालक पदाधिकारी को स्मार-पत्र दे दिया गया है।
नगर परिषद क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के दौरान रहिवासियों को संबोधित करते हुए माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने प्रस्तावित आंदोलन में शामिल होने की अपील रहिवासियों से की। इस अवसर पर भाकपा माले प्रखंड कमिटी सदस्य प्रभात रंजन गुप्ता एवं मुकेश कुमार गुप्ता ने नगर वासियों से बड़ी संख्या में भाग लेकर घेराव को सफल बनाने की अपील की।
![]()













Leave a Reply