Advertisement

रसोई गैस की किल्लत के खिलाफ भाकपा माले का जुलूस व् प्रदर्शन

उपभोक्ताओं को सुगमतापूर्वक गैस सिलिंडर मिले अन्यथा होगा आंदोलन-माले

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। बिहार के समस्तीपुर जिला में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत से आम उपभोक्ताओं की परेशानी का सबब बनता जा रहा है। गैस उपभोक्ताओं की परेशानी दूर करने के उद्देश्य से भाकपा माले ने 13 मार्च को जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया एवं रसोई गैस उपभोक्ताओं को सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराने की मांग की।

जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में गैस उपभोक्ता समस्तीपुर शहर के सरकारी बस स्टैंड में इकट्ठा होकर भाकपा माले नगर कमिटी के झंडे, बैनर एवं मांगों से संबंधित नारे लिखे तख्तियां लेकर जुलूस निकाला। नारा लगाते जुलूस स्टेडियम गोलंबर, सर्किट हाउस, सदर अस्पताल, स्टेडियम मार्केट होते समाहरणालय पहुंचकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। मौके पर सभा का आयोजन किया गया। अध्यक्षता भाकपा माले के जयंत कुमार ने की।

सभा को आइसा के दीपक यदुवंशी, राजू झा, इन्नोस के कुंदन कुमार, भाकपा माले के अनील चौधरी, उमेश राय, दीनबंधु प्रसाद, विजय कुमार राम, रामनारायण सिंह, रमेश कुमार महतो, विलबहार सहनी, पवन दास समेत अन्य कई वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर भाकपा माले जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि कई गैस एजेंसियों पर सिलेंडर की आपूर्ति कम होने के कारण उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। इससे खासकर गृहिणियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न मोहल्लों के उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के कई दिन बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है। ऑनलाइन बुकिंग नंबर कभी बंद रहता है तो कभी बुकिंग स्वीकृत बताने के बाद भी मैसेज नहीं आ पाता है।

ऑनलाइन बुकिंग नंबर भी बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जबकि कई रहिवासी मजबूर होकर महंगे दामों पर बाजार से गैस सिलेंडर खरीदने को विवश हैं। उन्होंने कहा कि गैस नहीं मिलने से खाना बनाने में काफी दिक्कत हो रही है। कई परिवारों को फिर से लकड़ी या अन्य वैकल्पिक ईंधन का सहारा लेना पड़ रहा है। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि ऊपर से आपूर्ति कम होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। जैसे ही पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध होंगे, उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में जयंत कुमार ने समस्तीपुर जिला प्रशासन से इस समस्या पर ध्यान देने और जल्द से जल्द गैस की आपूर्ति सामान्य कराने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। वक्ताओं ने कहा कि यदि स्थिति नहीं सुधरती है तो भाकपा माले द्वारा आंदोलन तेज किया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *