Advertisement

नवादा माॅब लिंचिंग के खिलाफ भाकपा माले व् इंसाफ मंच ने निकाला प्रतिवाद मार्च

गरीबों पर बुलडोजर की कार्रवाई बंद करे सरकार-माले

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। बिहार के नवादा जिला के हद में रोह थाना क्षेत्र के भट्टा गांव में बीते 5 दिसंबर को मुस्लिम कपड़ा फेरीवाले मोहम्मद अतहर हुसैन की बर्बर मॉब लिंचिंग एवं गरीबों पर बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ भाकपा माले ने 16 दिसंबर को समस्तीपुर में प्रतिवाद मार्च निकालकर स्टेशन चौराहा पर सभा का आयोजन किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाकपा माले तथा इंसाफ मंच कार्यकर्ता शहर के माल गोदाम चौक पर इकट्ठा होकर हाथों में झंडा, बैनर एवं मांगों से संबंधित नारे लिखे तख्तियां लिए नारे लगाते हुए प्रतिवाद मार्च निकाला। मार्च बाजार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए स्टेशन चौराहा पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया।

सभा की अध्यक्षता करते हुए भाकपा माले जिला स्थाई समिति सदस्य जीबछ पासवान ने कहा कि नवादा माॅब लिंचिंग की घटना बिहार में कानून के शासन पर गंभीर सवाल खड़ी करती है। यह घटना भाजपा द्वारा बिहार में लगातार बनाए जा रहे सांप्रदायिक माहौल का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी के कार्यभार संभालने के बाद राज्य में मॉब हिंसा और बुलडोजर कार्रवाई में बढ़ोतरी हुई है। कहा कि यदि एनडीए सरकार बिहार में योगी मॉडल लागू करने का सपना देख रही है तो यह बिहार की सामाजिक एकता और लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है।

इसका जोरदार प्रतिरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोहम्मद अतहर हुसैन को केवल मुस्लिम होने के संदेह में घेरकर अमानवीय यातनाएँ दी गईं। उन्हें बेरहमी से पीटा गया। गर्म औजार से दागा गया। कान काटे गए। उंगली तोड़ी गई और उनके प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डाला गया। अधमरी हालत में छोड़ दिए जाने के बाद उल्टे उन पर चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज किया गया। इलाज के दौरान बीते 12 दिसंबर को उनकी मौत हो गई। पुलिस, जिला प्रशासन और चिकित्सकीय लापरवाही इस मौत के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार है।

उन्होंने मो. अतहर के हत्या में शामिल तमाम दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर सजा देने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा, न्याय और पर्याप्त मुआवजा देने, अतहर पर दर्ज झूठा मुकदमा को रद्द करने और दोषी पुलिसकर्मियों व अधिकारियों पर कार्रवाई करने, बुलडोजर कार्रवाई और भीड़तंत्र पर रोक लगाने, गृह मंत्री सम्राट चौधरी से कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग की।

मौके पर भाकपा माले समस्तीपुर जिला कमिटी सदस्य अमित कुमार, दिनेश कुमार, महावीर पोद्दार, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, अनिल चौधरी, जयंत कुमार, उपेंद्र राय, रामचंद्र पासवान, राज कुमार चौधरी, सुनील कुमार, गंगा प्रसाद पासवान समेत इंसाफ मंच के दीपक यदुवंशी, रोहित कुमार, शमीम मंसूरी, एजाज अली, मो. फरहान, आरती सहनी, कुन्दन राम, राम प्रसाद समेत बड़ी संख्या में भाकपा माले एवं इंसाफ मंच के कार्यकर्ता मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *