भगवान शिव अनादि, अनंत और अविनाशी हैं-भीम शर्मा
सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गंगदा पंचायत के रोवाम गांव में स्थापित बाबा नीलकंठ महादेव मंदिर में तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन 27 फरवरी से 1 मार्च तक किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर उक्त गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है।
रोवाम के समाजसेवी योगी गोप ने 26 फरवरी को जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 27 फरवरी को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेंगी और पूरे गांव में श्रद्धा का वातावरण बनेगा। बताया कि 28 फरवरी को बनारस से आए विद्वान पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-यज्ञ एवं विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। मंदिर में स्थापित भगवान शिव की प्रतिमा की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। कार्यक्रम के अंतिम दिन एक मार्च को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।
जिला के हद में बड़ाजामदा के शिव भक्त सह उक्त मंदिर निर्माण के सहयोगी भीम शर्मा के अनुसार भगवान शिव अनादि, अनंत और अविनाशी हैं। कैलाश पर्वत पर निवास करने वाले शिव का स्वरूप अत्यंत निराला है। गले में सर्प, जटाओं में गंगा और माथे पर चंद्र। उन्हें भोलेनाथ भी कहा जाता है। वे अपने भक्तों पर शीघ्र प्रसन्न होते हैं और सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। शर्मा के अनुसार देवधि सेव शिव कल्याणकारी हैं और सृष्टि के संरक्षक भी हैं। कहा गया कि आयोजन को लेकर आयोजकों द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
योगी गोप ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन अवसर पर भाग लें और पुण्य के भागी बनें। आयोजन को लेकर ग्रामीण रहिवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
![]()













Leave a Reply