Advertisement

बिहार विरोधियों को बिहार में चुनाव प्रचार में ला रही है कांग्रेस-प्रधानमंत्री

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सारण जिला मुख्यालय छपरा के हवाई अड्डा पर 30 अक्टूबर को आयोजित एनडीए के चुनावी सभा को संबोधित किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस आज इस हद तक नीचे आ गयी है कि वह बिहार विरोधियों को चुनाव में प्रचार के लिए बिहार ला रही है। जबकि, बिहार के नौजवानों का सपना ही मोदी-नीतीश का संकल्प हैं। उसे पूरा करने की लिए मोदी और नीतीश प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन से समृद्धि की यात्रा चलती रहे, इसके लिए भाजपा एनडीए के साथियों को विधानसभा जाना जरूरी है। इसलिए मैं आज आपका आशीर्वाद मांगने के लिए आपके पास आया हूं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऐसे बिहार विरोधी नेताओं को चुनाव प्रचार में लाकर कांग्रेस सोची -समझी रणनीति के तहत आरजेडी को ही कमजोर कर रही है। कहा कि आपको यह भी याद दिलाना चाहता हूं की लालटेन वाले हो, पंजे वाले हो या उनके इंडी गठबंधन के साथी हों। ये कैसे बिहार और बिहारी का अपमान करते हैं, उसे जरा सुनिए।कांग्रेस के पंजाब के एक मुख्यमंत्री ने अपने पद पर रहते हुए एक रैली में खुला ऐलान किया कि बिहार के रहिवासियों को वह अपने राज्य पंजाब में घुसने नहीं देंगे। कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने जब भाषण किया, उस समय मंच गांधी परिवार की एक बेटी भी बैठी थी।

उसने सीएम के ऐसा कहने पर तालियां बजा रही थीं। उधर तेलंगाना और कर्नाटक में कांग्रेस के नेता बिहारी को गालियां देते रहते हैं। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में डीएमके के नेता बिहार के मेहनतकश भाइयों को प्रताड़ित करते हैं। उन्हें गालियां देते रहते हैं। बिहार में राजद क्या करती है उसको सांप सूंघ जाता है। इस बार तो इस चुनाव में इन सबने सारी हदें पार कर दिए। जिन महानुभावों ने अपने राज्य में बिहारियों को गालियां दी उनको कांग्रेस ने बिहार में चुनाव प्रचार में बुला लिया।

उन्होंने कहा कि यह सब अचानक ऐसे ही नहीं हुआ है। यह बिहार के चुनाव में कांग्रेस की सोची -समझी साजिश के तहत हुआ है। कांग्रेस चाहती है कि राजद का ज्यादा से ज्यादा नुकसान हो, इसलिए कांग्रेस बिहार विरोधियों को बिहार चुनाव प्रचार में ला रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने सारण की धरती पर सर्वप्रथम अपने भाषण के क्रम में भोजपुरी में ही भारत माता, गंगा मईया, अंबिका भवानी एवं बाबा हरिहरनाथ, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, भिखारी ठाकुर, डॉ राजेंद्र प्रसाद की पवित्र भूमि को प्रणाम किया। भिखारी ठाकुर के गौरवशाली भूमि पर सभी उपस्थित जनों का उन्होंने अभिनंदन किया। उन्होंने बिहार के तमाम भाई -बहनों और खासकर बिहार के नौजवानों को कहा कि आज आपको एक गारंटी देता हूं। आपका सपना ही मेरा संकल्प है।

बिहार में सुशासन से समृद्धि की यात्रा चलती रहे, इसके लिए भाजपा एनडीए के साथियों को विधानसभा जाना जरूरी है और इसलिए मैं आज इन सबके लिए आपका आशीर्वाद मांगने के लिए आपके पास आया हूँ।
उन्होंने कहा कि उनके मित्र राजीव प्रताप रूडी बता रहे थे कि एक तरफ दिवाली, छठ पूजा का इतना पवित्र व् महत्वपूर्ण त्यौहार और इतनी सारी बारिश इसके बावजूद भी छपरा का जो माहौल मैं देख रहा हूं, वह यही कह रहा है कि फिर एक बार एनडीए सरकार। फिर एक बार बिहार में सुशासन सरकार। उन्होंने उपस्थित जनता से कई बार बुलवाया। उन्होंने कहा कि यह धरती आस्था की भी है। आंदोलन की भी है। इस मिट्टी में जादू है, जो शब्दों को भी जीवंत बना देती है। भिखारी ठाकुर ने इसी मिट्टी की महक को समाज के संघर्ष और लोक जीवन की पीड़ा को गीतों में पिरोया था। उन्होंने भोजपुरी और समाज की जो सेवा की आने वाली हर पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी।

भाजपा एनडीए सरकार बना रही हरिहरनाथ कॉरिडोर

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा हरिहरनाथ को नमन करते हुए उपस्थित जनता से हाथ उठाकर सोनपुर के एनडीए (भाजपा) प्रत्याशी विनय कुमार सिंह को अपना आशीर्वाद प्रदान कर जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा एनडीए सरकार यहां हरिहरनाथ कॉरिडोर बना रही है। गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण कर रही है। आने वाले सालों में यात्रियों के लिए अद्भुत सुविधा होगी और साथ ही पर्यटन आधारित रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी धरती, हमारी आस्था, हमारी धरोहर यही बिहार की आत्मा है। हम धरोहर को रोजगार से जोड़ रहे हैं। आप काशी विश्वनाथ धाम या अयोध्या धाम जाइए, वहां हुए विकास के बाद श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। रिक्शा वाले, टैक्सी वाले, होटल वाले, खिलौने बेचने वाले, साड़ी बेचने वाले, कपड़े बेचने वाले की कमाई बढ़ी है। अब यही काम हमारी सरकार यहां छपरा और आसपास के इलाकों में दोहरा रही है। इसमें भाजपा एनडीए सरकार द्वारा हरिहरनाथ कॉरिडोर शामिल है।

इस अवसर पर लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, सारण के भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी, महाराजगंज के भाजपा सांसद एवं पूर्व मंत्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, स्थानीय एमएलसी सच्चिदानंद राय, सारण के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के एनडीए प्रत्याशी यथा मनोरंजन सिंह (एकमा), केदारनाथ सिंह (बनियापुर), छोटी कुमारी (छपरा), रणधीर कुमार सिंह (मांझी), जनक सिंह (तरैया), सीमांत मृणाल (गड़खा), छोटेलाल राय (परसा), विनय कुमार सिंह (सोनपुर) आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *