Advertisement

सीसीएल कथारा क्षेत्र में शिकायत समाधान शिविर का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के निदेशक मानव संसाधन के मार्गदर्शन तथा सतर्कता जागरूकता अभियान 2025, सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी के तहत 2 सितंबर को बोकारो जिला के हद में कथारा क्षेत्र में शिकायत समाधान शिविर का आयोजन किया गया।

उक्त जानकारी देते हुए क्षेत्र के प्रबंधक सीएसआर चंदन कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य कथारा क्षेत्र के कर्मचारियों, उनके परिजनों, संविदा कर्मियों एवं अन्य हितधारकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करना था।

उन्होंने बताया कि ऑफिसर क्लब परिसर में आयोजित शिविर में कथारा क्षेत्र से कुल 17 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सीएमपीएफ, पेंशन, सेवानिवृत्ति से संबंधित बकाया, सेवा एवं रोजगार संबंधी विषय तथा संविदा कर्मियों की चुनौतियाँ प्रमुख थीं। कई प्रकरणों का समाधान स्थल पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध कार्रवाई हेतु दर्ज किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार ने कहा कि सीसीएल सदैव अपने कर्मचारियों और हितधारकों की समस्याओं का समय पर एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह शिविर केवल शिकायत निवारण का मंच नहीं, बल्कि विश्वास निर्माण की प्रक्रिया भी है। कहा कि सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी हमें यह सिखाता है कि संगठन की मजबूती तभी संभव है जब पारदर्शिता, जिम्मेदारी और ईमानदारी हमारे कार्य संस्कृति का हिस्सा हों।

इस अवसर पर सीसीएल मुख्यालय रांची से निदेशक (मानव संसाधन) के तकनीकी सचिव सह महाप्रबंधक अशोक कुमार, महाप्रबंधक संजय कुमार, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन व् समाधान सेल) गौतम चौधरी, कथारा के क्षेत्राधिकारी कार्मिक एवं मानव संसाधन मधुरी मडके, नोडल अधिकारी, सतर्कता जागरूकता अभियान चंदन कुमार, सहायक प्रबंधक मानव संसाधन सूर्य प्रताप सिंह, महाप्रबंधक कार्यालय के कर्मी तथा विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

यह पहल सतर्कता जागरूकता अभियान की मूल भावना सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी के अनुरूप समाधान-केंद्रित कार्य संस्कृति और कर्मचारी-हितैषी दृष्टिकोण को बढ़ावा देती है, जो संगठन और कर्मचारियों के बीच विश्वास व सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाती है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *