Advertisement

कंपनियाँ श्रमिकों की समस्याएँ सुनें और समाधान सुनिश्चित करें-उपायुक्त

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने 26 जुलाई को जिले की सभी निजी और सरकारी औद्योगिक इकाइयों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों में नियमित अंतराल पर श्रमिक संगठनों के साथ संवाद बैठकें आयोजित करें।

उन्होंने कहा कि संवादहीनता ही वह मूल कारण बनती है, जिससे छोटी समस्याएं बढ़कर विधि व्यवस्था की चुनौती बन जाती हैं। उन्होंने कंपनियों को निर्देशित किया कि श्रमिकों द्वारा उठाए गए प्रत्येक मुद्दे को गंभीरता और संवेदनशीलता से लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्याओं के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि हर बैठक की कार्यवाही (प्रोसिडिंग) तैयार कर जिला प्रशासन को सौंपी जाए, ताकि प्रशासनिक स्तर पर निगरानी और पारदर्शिता बनी रहे। इससे आवश्यकता पड़ने पर शासन से भी सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकेगा।

उपायुक्त झा ने कहा कि कंपनियों को श्रमिकों को केवल कार्यबल के रूप में नहीं, बल्कि विकास के भागीदार के रूप में देखना चाहिए। उनके हितों और कल्याण के लिए ठोस पहल जरूरी है। ऐसा करने से कंपनियों की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी और जिले के औद्योगिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
गौरतलब है कि 26 जुलाई को सीटीपीएस चंद्रपुरा में श्रमिकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गेट जाम कर प्रदर्शन किया। इसके बाद उपायुक्त ने श्रमिक नेताओं से संवाद किया, तत्पश्चात उन्होंने यह निर्देश सभी औद्योगिक संस्थानों को जारी किया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *