Advertisement

देशव्यापी हड़ताल को लेकर कोक ओवेन व् सीइ जेड गेट पर संयुक्त मोर्चा की सभा

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। आगामी 9 जुलाई को देशव्यापी हड़ताल को लेकर ट्रेड यूनियन संयुक्त मोर्चा बोकारो की ओर से बीएसएल कोक ओवेन कैंटीन क्रमांक 2 में 2 जुलाई को सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता महेश प्रसाद सिंह ने की।

इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए एटक के रामाश्रय प्रसाद सिंह ने कहा कि सेल प्रबंधन मजदूरों का कमाया हुआ 39 महीने का एरियर केन्द्र सरकार के इशारे पर नहीं दे रही है। वहीं दूसरी ओर ग्रेच्युटी पर भी सिलींग लगा दिया गया है। कहा कि अभी तक वेज रिवीजन अधूरा है। दूसरी ओर यदि ठेका मजदूर न्यूनतम मजदूरी मांगता है तो उसे काम से बाहर कर दिया जाता है।

सीटू के आर के गोरांई ने कहा कि मौजूदा श्रम कानूनों में कमियों के बावजूद भी कार्यस्थल, मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, संरक्षण और कल्याण आदि से संबंधित श्रमिकों के अधिकारों के संदर्भ में जो भी कवरेज उपलब्ध है, जो मजदूर वर्ग के लंबे संघर्षों के माध्यम से हासिल किया गया था, उसे 4 श्रम संहिताओं के माध्यम से छीनने की साजिश की जा रही है। एचएमएस के एस. के. सिंह तथा एआईयूटीयूसी के सुभाष प्रमाणिक ने एक स्वर में केन्द्र की मोदी सरकार की मजदूर किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष का शंखनाद करने का ऐलान किया।

बताया जाता है कि हड़ताल को लेकर दूसरी सभा प्लांट के सीई जेड गेट में आयोजित किया गया, जिसे संबोधित करते हुए एक्टू के देवदीप सिंह दिवाकर, एआईयूटीयूसी के मोहन चौधरी, एचएमएस के आर. के. वर्मा, एटक के बी. के. राम और सीटू के के. एन. सिंह ने कहा कि सभी श्रम कानूनों को समाप्त कर केवल चार श्रम संहिता केन्द्र सरकार ला रही है।

इससे मजदूरों को अपने हक हकूक के लिए लड़ने के सारे दरवाजे एक एक कर खत्म हो जाएंगे। सभी श्रम कानून कॉरपोरेट व मालिक पक्षीय बनाया जा रहा है। आने वाले समय में काम करने का घंटा, सामाजिक सुरक्षा की गारंटी, नियमित रोजगार की गारंटी, हड़ताल करने का अधिकार, ट्रेड यूनियन करने का अधिकार आदि को शिथिल किया जाएगा।
सभा में सभी वक्ताओं ने आगामी 9 जूलाई की देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया। सीई जेड गेट पर आयोजित सभा की अध्यक्षता आई डी प्रसाद ने किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *