सांस्कृतिक चेतना का मजबूत मंच है कसमार का प्रहरी मेला-अजय राणा
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर में भूतपूर्व सरपंच स्वर्गीय सुरेश जायसवाल की पुण्यतिथि पर आयोजित सात दिवसीय प्रहरी मेला के चौथे दिन बीते 13 मार्च की रात कुड़माली पांता नृत्य (झूमर) का रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली और दर्शक झूमर की ताल पर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ झामुमो युवा मोर्चा बोकारो जिला उपाध्यक्ष अजय राणा तथा मंजूरा के समाजसेवी प्रकाश कुमार प्रजापति ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद द्वय अतिथियों ने दिवंगत सुरेश जायसवाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
प्रहरी मेला में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए झामुमो युवा जिला उपाध्यक्ष राणा ने कहा कि प्रहरी मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संजोने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जायसवाल ने समाज में जागरूकता और एकजुटता का जो बीज बोया था, वही आज इस मेले के रूप में फल-फूल रहा है। कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।

विशिष्ट अतिथि समाजसेवी प्रजापति ने कहा कि स्वर्गीय जायसवाल ने समाज हित में जो कार्य किए, वे हमेशा क्षेत्र के रहिवासियों को प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने युवाओं से दिवंगत के आदर्शों को अपनाने और समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से आए झूमर सम्राट रामेश्वर महतो के दल ने मनमोहक प्रस्तुति दी। पूर्णिमा देवी, कलावती देवी और रामेश्वर महतो के गीतों पर सोमा महतो, निशा महतो, प्रिया महतो, मीनू महतो और सुषमा महतो सहित अन्य कलाकारों ने आकर्षक पांता नृत्य प्रस्तुत किया। झूमर की लय और कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। कार्यक्रम में सुजीत कालिंदी, धनपति कालिंदी और पटल कालिंदी ने वाद्य यंत्रों की संगत दी।
इस अवसर पर मेला समिति के अध्यक्ष घनश्याम महतो, व्यवस्थापक रामसेवक जायसवाल व दीपक सवाल, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार जायसवाल, अशोक कुमार सिंह, विष्णु जायसवाल, सौरभ राय (मोंटी), राहुल कुमार महतो, अखिलेश्वर महतो, छत्रु महतो, दिलीप शर्मा, रमेश चंचल, शेखर शरदेंदु, यूनुस अंसारी, रोमेल अंसारी, अंकुश जायसवाल, विनीत जायसवाल, विजय ठाकुर सहित कई गणमान्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पंकज जायसवाल ने किया।
![]()













Leave a Reply