Advertisement

सोनपुर में ठंड एवं शीतलहर ने बढ़ाई कंपकपी, ठिठुर रहे राहगीर व् रहिवासी

जलावन इकट्ठा करने को मजबूर नौनिहाल, व्यवस्था पर प्रश्न-चिह्न

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में एक सप्ताह से जारी ठंड और शीतलहर 27 दिसंबर को भी बदस्तूर जारी रहा। सूर्य देव के दर्शन के लिए क्षेत्र के रहिवासी तरस गए, पर उनका दीदार नहीं हो पाया। जन जीवन अस्त -व्यस्त रहा।

ज्ञात हो कि सारण जिला में शीत लहर व ठंड ने कंपकपी बढ़ा दी है। राहगीर सहित तमाम रहिवासी ठंड से ठिठुर रहे हैं। प्रतिदिन निष्पादित होनेवाले कार्यों पर भी इसका असर पड़ा है। यहां के बूढ़े हों या बच्चे, अलाव सबसे बड़ा सहारा बन गया है, पर यहां जलावन की दिक्कत भी झलक रहा है। इस ठंड एवं शीतलहर में भी लकड़ी चुनते बच्चे – बच्चियों को देखा जा रहा है, जिससे उनके घर परिवार की स्थिति का पता चलता है। साथ ही सरकारी व्यवस्था पर प्रश्न – चिह्न भी खड़ा होता है।

सोनपुर अनुमंडलीय चिकित्सालय से राहर दियारा चौक की ओर जाने वाली सड़क किनारे 27 दिसंबर को कंपकपी के बीच लकड़ी चुनते और बिनते नौनिहालों को देखा गया। ये बच्चे स्कूल से तो ठंड से मुक्ति पा गए, पर ठंड से मुक्ति के लिए उन्हें घर से बाहर निकलना पड़ा। चाहे अलाव जलाने के लिए हो या घर में जलावन की कमी। इनकी पूर्ति के लिए जहां आमजन अपने घरों में सिमटे हुए हैं, वहीं ये नन्हें बच्चे ठंड एवं शीत लहर की परवाह किए बिना अपने घरों से बाहर खुले मैदान में लकड़ी चुन रहे हैं।

कुछ यही स्थिति अनुमंडल के हद. राहर दियारा बिंद टोली से सबलपुर जानेवाली सड़क पर भी देखने को मिली। सुखी लकड़ियां चुनते बच्चे और कई महिलाएं ठंड में लकड़ी चुन रही थीं। शायद यह उनकी नियति में शामिल है। वैसे, जिला स्तर पर सारण के जिलाधिकारी (डीएम) द्वारा ठंड को देखते हुए छुट्टियों की घोषणा की जा चुकी है। स्कूल बंद होने से बच्चे -बच्चियों को एक तरह से कुछ राहत मिली है, परन्तु घरों में रहनेवाले अभावग्रस्त परिवारों को ठंड से बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था नहीं होने, जलावन की उपलब्धता नहीं होने से बच्चों को सड़क किनारे लकड़ी चुनने जाना भी दु:खद और व्यवस्था के प्रति गलत संदेश जा रहा है। यही स्थिति राहर दियारा बिंदटोली से सबलपुर जानेवाली सड़क पर भी देखने को मिली। सुखी लकड़ियां चुनते बच्चे और कई महिलाएं ठंड में लकड़ी चुन कर गट्ठर बांधती मिली।

ठंड से बचने को अलाव के पास दुबके रहिवासी

जिला के हद में सोनपुर नगर हो या ग्रामीण इलाके के चौक -चौराहा या दरवाजा अथवा चाय दुकान या होटल। लगभग सभी जगहों पर अलाव जल रहे हैं और उसके पास दुबके रहिवासी दिखाई दे रहे हैं। रजिस्ट्री बाजार रोड में अजय राज चाय दुकान, रजिस्ट्री बाजार दुर्गा स्थान के समीप राकेश टी स्टॉल, शहीद महेश्वर चौक, गांधी चौक सहित कई स्थानों पर अलाव जल रहा है। कहीं सरकारी स्तर पर तो कहीं दुकानदार अपनी व्यवस्था के तहत अलाव की व्यवस्था किए है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *