सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा से जिला उपायुक्त (डीसी) चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक (एसपी) राकेश रंजन ने 6 सितंबर को गुवा पहुंचकर शहीद स्थल, हेलीपैड, सभा स्थल, पार्किंग, टेंट, लाइट-साउंड व्यवस्था, पेयजल व शौचालय जैसी सुविधाओं का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार अधिकारी द्वय ने यहां संबंधित अधिकारियों को शहीद दिवस की तैयारियों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों ने सभा स्थल, एरोड्रम (हेलीपैड स्थल), वीआईपी आवागमन, पार्किंग, खानपान आदि का भी जायज़ा लिया।

बताया गया कि शहीद दिवस पर आगामी 8 सितंबर को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई मंत्री, विधायक और सांसद शहादत दिवस समारोह में शामिल होंगे और श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उक्त शहादत दिवस 8 सितंबर 1980 को हुए गुवा गोलीकांड की स्मृति में मनाया जाता है, जिसमें पुलिस (बीएमपी) और आंदोलनकारी के बीच हुई गोलीबारी में आदिवासी आंदोलनकारी और बीएमपी के जवान दोनों शहीद हुए थे। इस दिन से ही आदिवासी समुदाय यहां शहीदों को श्रद्धांजलि देते रहे हैं।
आगामी 8 सितंबर को गुवा में आयोजित होने वाला शहादत दिवस समारोह बड़ा और सम्मान पूर्ण है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शामिल होने को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्थाओं, सुविधाओं और जनसुविधा को लेकर समुचित तैयारी शुरू कर दी है।
![]()













Leave a Reply