Advertisement

स्व डॉ बुद्धदेव महतो के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम एवं गांडेय विधायक

प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। झारखंड के मुख्यमंत्री (सीएम) हेमंत सोरेन तथा गांडेय विधायक कल्पना सोरेन मुर्मू 19 फरवरी को धनबाद जिला के हद में बलियापुर पहुंचे। वे सिंदरी विधानसभा से चार बार विधायक रहे आनंद महतो के सबसे छोटे पुत्र तथा सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो के छोटे भाई स्व. डॉ बुद्धदेव महतो के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हुए।

जानकारी के अनुसार सीएम तथा विधायक झारखंड की राजधानी रांची से हेलीकॉप्टर द्वारा बलियापुर पहुंचे। यहां हवाई पट्टी पर धनबाद जिला उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। तत्पश्चात जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड आफ ऑनर दिया गया। इसके बाद सीएम व् विधायक ग्राम बड़ादाहा स्थित विधायक आवास पहुंचे। सिंदरी विधायक ने उनका स्वागत किया।

इसके बाद उन्होंने दिवंगत डॉ बुद्धदेव महतो की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। तत्पश्चात शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिजनों को दुःख की इस घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इसके बाद वे श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हुए।

बताया जाता है कि विधायक आवास पर लगभग आधा घंटा रुकने के बाद सीएम पुनः बलियापुर हवाई पट्टी पहुंचे। जहां उन्हें गार्ड ऑफ ओनर देकर विदाई दी गई। ज्ञात हो कि दिवंगत डॉ महतो चार भाइयों में सबसे छोटे थे। वे हजारीबाग टेक्निकल यूनिवर्सिटी में व्याख्याता के पद पर कार्यरत थे। पिछले एक वर्ष से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। बीते 7 फरवरी को रांची में उनका निधन हो गया था। वे अपने पीछे पत्नी सरिता देवी एवं दो छोटे पुत्र सिद्धार्थ एवं गौतम को छोड़ गए हैं।

बताया जाता है कि सीएम के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने हेलिपैड से लेकर विधायक आवास तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। उनके काफिले में एडवांस वार्निंग कार, पायलट कार, तीन स्कॉर्ट वाहन, एडवांस एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन के अलावा दो क्विक रिस्पांस टीम शामिल था। वहीं प्रखंड कार्यालय बलियापुर एवं धनबाद में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया था।

श्राद्ध कार्यक्रम में निरसा विधायक अरूप चटर्जी, जिला उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल पदाधिकारी सह दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, डीटीओ दिवाकर सी. द्विवेदी, ट्राफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह, एसडीपीओ सिंदरी आशुतोष सत्यम के अलावा जिला प्रशासन एवं पुलिस के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *