बाबा हरिहरनाथ मंदिर की युद्ध स्तर पर रंगाई-पुताई आरंभ
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित हरिहरक्षेत्र श्रावणी मेला को लेकर 3 जुलाई को बाबा हरिहरनाथ मंदिर की रंगाई -पुताई शुरु की गई है। हरिहरनाथ- पहलेजा निचली कांवरिया मुख्य पथ के दोनों किनारे की साफ -सफाई तथा सड़क के बीचोबीच बाबा हरिहरनाथ पर जलाभिषेक करनेवाले भक्तों की सुरक्षा एवं महिला भक्तों की सहूलियत की दृष्टि से बैरिकेटिंग के लिए पिलर गाड़ने के लिए ड्रिल मशीन से खड्डे खोदे जा रहे हैं। काली घाट पर पुलिस -प्रशासनिक व्यवस्था के लिए शिविर का निर्माण जारी है।
जानकारी के अनुसार सोनपुर के पहलेजा घाट एवं मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ कांवर यात्रा शुरू होने से पूर्व इस कांवरिया पथ से सभी तरह के अतिक्रमण भी हटाए जायेंगे। रोशनी की भी पर्याप्त व्यवस्था होगी, जिससे हरिहरनाथ पहलेजा धाम कांवरिया पथ जगमग करेगा। कांवरियों के सुरक्षा के भी व्यापक एवं पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
बीते 21 जून को श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर अनुमंडल कार्यालय स्थित सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी स्निग्धा नेहा की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद सड़कों की साफ -सफाई शुरू की गयी है। हरिहरनाथ मंदिर के निकट इस सड़क के बीचोबीच बाबा हरिहरनाथ पर जलाभिषेक करनेवाले भक्तों की सुरक्षा एवं महिला भक्तों की सहूलियत की दृष्टि से बैरिकेडिंग के लिए ड्रिल मशीन से खड्डे खोदे जा रहे हैं और उसमें तेजी देखी गई।
पहलेजा हो या सोनपुर सभी स्नान घाटों पर स्नानार्थियों के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी। पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में सशस्त्र पुलिस बल, लाठी बल एवं महिला बल की भी तैनाती की जा रही है। स्नान घाटों पर गोताखोर भी तैनात रहेंगे।
इस वर्ष श्रावण माह में चार सोमवारी, जलाभिषेक और शृंगार दर्शन को उमड़ेगी भीड़
इस वर्ष श्रवण मास आगामी 11 जुलाई से प्रारम्भ होकर अगले माह 9 अगस्त को समाप्त होगा। इस वर्ष श्रावण मास में कुल 4 (चार) सोमवारी है। बाबा हरिहरनाथ के दर्शन, जलाभिषेक एवं श्रृंगार दर्शन के लिए भीड़ उमड़ने की संभावना है। बताया जाता है कि प्रथम सोमवारी आगामी 14 जुलाई, द्वितीय सोमवारी 21 जुलाई, तृतीय सोमवारी
28 जुलाई तथा चर्तुथ सोमवारी अगले माह 4 अगस्त को है।
बताया जाता है कि पहलेजा घाट – हरिहरनाथ मंदिर के आस-पास लगाये गये दुकानों/अतिक्रमण को हटाने एवं कांवरिया पथों पर बिखरे इंट-पत्थर आदि भी हटाए जायेंगे।अतिक्रमण को हटवाने का जिम्मा सोनपुर अंचल अधिकारी तथा थानाध्यक्ष सोनपुर, हरिहरनाथ एवं पहलेजा को दिया गया है। संपूर्ण नगर पंचायत क्षेत्र/कांवरिया पथों एवं बाबा हरिहरनाथ मंदिर की प्रत्येक दिन साफ-सफाई की जायेगी।
सोनपुर नगर पंचायत के निचली कांवरिया पथ पर रौशनी की व्यवस्था, कालीघाट से हरिहरनाथ मंदिर तक रौशनी की व्यवस्था, कालीघाट एवं पहलेजा घाट पर पर्याप्त चलंत शौचालय की व्यवस्था, नगर पंचायत स्थित सभी हाई मास्ट लाईट की मरम्मति कराना, मुख्य स्थलों पर कचरा रखने के लिए डस्टबीन की व्यवस्था कराना, नगर पंचायत के कांवरिया पथ (निचली सड़क) पर बहाये जा रहे नाली के गंदे पानी पर रोक लगाना, कालीघाट, पुल घाट, सवाईच घाट एवं इससे सटे अन्य घाट पर जल का आकलन कर नदी में बैरिकेडिंग कराना तथा बाबा हरिहरनाथ मंदिर प्रशासन से समन्वय स्थापित कर मंदिर से संबंधित व्यवस्था करना, डाक बम के लिए एनएच-19 के एक लेन में बैरिकेडिंग कराना आदि अभी बाकी है।
इसके अलावा पहलेजा घाट, कालीघाट, नौलखा मंदिर घाट, पुरानी गंडक पुल घाट आदि स्नान घाटों पर कांवरियों के स्नान के दौरान उनके सुरक्षा के लिए नाव-नाविक, महाजाल, मोटरवोट प्रशिक्षित गोताखोर आदि की व्यवस्था रहेगी। श्रावणी मेला प्रारंभ होने से पूर्व पानी की गहराई का आकलन कर उपरोक्त सभी वर्णित घाटों पर नाव-नाविक, प्रशिक्षित गोताखोर, लाईफ जैकेट, महाजाल, मोटर वोट आदि की व्यवस्था की जायेगी। पंचायत क्षेत्रों से गुजरने वाले कांवरिया पथो पर के गड्ढे भरवाना एवं रास्ते की मरम्मति करवाना, बिजली की पर्याप्त व्यवस्था आदि कार्य स्थानीय जन प्रतिनिधि अपने स्तर से करेंगे। पहलेजाघाट से हरिहर नाथ मंदिर तक एवं कांवरियों से जुड़े अन्य रास्तों पर बिजली के खंभे पर लगे जो बल्ब खराब है, वहां नया बल्ब लगाया जायेगा। साथ ही पूरे श्रावणी मेला के दौरान अनवरत बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए प्रयास किया जा रहा है।
पेयजल शौचालय चेंजिंग रूम की होगी व्यवस्था
कांवरिया पथों में चापाकल, शौचालय एवं पहलेजा घाट में आवश्यकतानुसार चापाकल, शौचालय एवं महिलाओं के कपड़ा बदलने के लिए चेंजिंग रूम बनाया जायेगा। विधि व्यवस्था धार्मिक स्थलों/भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर वर्तमान में असामाजिक / हुडदंगी तत्वों द्वारा किये जा रहे वारदातों के मद्देनजर कांवरिया पथ पर विशेष चौकसी एवं सतर्कता बरती जायेगी।बाबा हरिहरनाथ मंदिर एवं मंदिर के आस-पास सीसीटीवी कैमरा लगाए जायेंगे।
विधि व्यवस्था के मद्देनजर बाबा हरिहरनाथ मंदिर मुख्य द्वार से कोई भी वाहन मंदिर की ओर नहीं जायेगा। मुख्य जगहों पर चेकपोस्ट की व्यवस्था कर मंदिर की ओर आने वाले वाहनों की जांच कर उसे वाहन पार्किंग स्थल पर ही लगाने का प्रयास होगा। किसी भी हालत में वाहन को मंदिर की तरफ नहीं जाने दिया जायेगा। बाबा हरिहरनाथ मंदिर प्रांगण में भीड़ नियंत्रण के लिए पूर्व की भाँति एसपीओ/ स्काउट-गाईड/वॉलेंटियर तैनात होंगे।
श्रावणी मेला के दौरान डीजे संचालकों द्वारा तेज ध्वनि में लाउडस्पीकर बजाते हुए मेला क्षेत्र में घुसने से कांवरियों को होनेवाली परेशानी को देखते हुए उन्हें वैशाली क्षेत्र (गंडक पुल) पर ही रोका जायेगा। गंडक पुल, गोविन्दयक मोड़, बजरंग चौक पर प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी हर हाल में डीजे वाहन को मेला क्षेत्र में घुसने पर प्रतिबंध लगायेंगे। मेला क्षेत्र में अनावश्यक रूप से वाहन प्रवेश करने एवं गजग्राह चौक स्थित पुल पर अनवरत वाहन परिचालन से कांवरियों को आने जाने में परेशानियों को देखते हुए भीड़ नियत्रण एवं कांवरिया पथों में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए रूट निर्धारित कर दिया गया है। प्रत्येक सप्ताह के शुक्रवार के 4 बजे प्रातः से सोमवार के 8 बजे रात्रि तक गज ग्राह चौक स्थित पुरानी गंडक पुल से सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूर्णतः बंद रहेगा।
उक्त अवधि में सोनपुर से हाजीपुर एवं हाजीपुर से सोनपुर आने-जाने वाले वाहन नई गंडक पुल होते हुए सोनपुर-हाजीपुर जा सकते हैं। श्रावण मास के प्रत्येक सप्ताह के शुकवार को 4 बजे प्रातः से सोमवार 8 बजे रात्रि तक बजरंग चौक से ढ़ाला नं०-3 होते हुए लालू यादव चौक की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पुल के नीचे से बंद रहेगा। बजरंग चौक पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी पटना तरफ से आने वाले सभी वाहनों को जेपी सेतु से ऊपर – ऊपर ही यदुवंशी चौक से कुशवाहा चौक होते हुए हाजीपुर जाने के लिए निदेशित करेंगे। यदुवंशी चौक से वाहन छपरा की ओर जा सकते हैं। किसी भी परिस्थिति में जेपी सेतु से नीचे वाहनों का परिचालन उक्त अवधि में पूणतः बद रहेगा।
बताया गया कि लालू यादव चौक पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, हाजीपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को यदुवंशी चौक से पुल के उपर होते हुए जेपी सेतु (पटना) जाने के लिए निदेशित करेंगे। रविवार के 2 बजे रात्रि से सोमवार के 8 बजे प्रातः तक कुशवाहा चौक से एनएच 19 का दक्षिणी लेन सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन के लिए पूर्णतः बंद रहेगा। उक्त अवधि में एनएच-19 के दक्षिणी तरफ की लेन कांवरिया के लिए सुरिक्षत रखा गया है। उत्तरी लेन रविवार को प्रातः 2 बजे से 8 बजे रात्रि तक के लिए बड़ी मालवाहक गाड़ी/वाहन के लिए बंद रहेगा। इस लेन पर हल्की एवं सवारी वाहन का आवागमन होता रहेगा।
![]()













Leave a Reply