Advertisement

सोनपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों व कॉलोनियों में चलाया गया स्वच्छता जागरूकता अभियान

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार बीते एक अगस्त से 15 अगस्त तक विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है। चल रहे विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला में 6 अगस्त को पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर मंडल के प्रमुख स्टेशनों और रेलवे कॉलोनियों में व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अवसर पर रेल मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों, ट्रेनों एवं रेलवे कॉलोनियों में रहने वाले कर्मचारियों के बीच स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए पम्पलेट का वितरण किया गया। साथ ही रेल यात्रियों को सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने, एकल उपयोग वाले प्लास्टिक के उपयोग से बचने और कूड़े-कचरे के लिए डस्टबिन का समुचित उपयोग करने हेतु सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम) के माध्यम से नियमित रूप से घोषणाएं कर जागरूक किया गया।

जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस उत्सव के अंतर्गत मेडिकल विभाग के चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा सम्पूर्ण सोनपुर रेल मंडल में कार्य कर रहे हाउस कीपिंग असिस्टेंट का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जा रहा है। ट्रेन के बोगियों और प्लेटफॉर्म पर पम्पलेट वितरित कर स्वच्छ रेल यात्रा की आवश्यकता को रेखांकित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य रेल यात्रियों और कर्मचारियों के बीच स्वच्छता के प्रति सहभागिता को बढ़ाना एवं स्वच्छ रेल – स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करना है। सोनपुर रेल मंडल द्वारा चलाया गया यह अभियान भविष्य में भी स्वच्छता के प्रति सकारात्मक व्यवहार को प्रोत्साहित करता रहेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *