Advertisement

चौथा खंभा के सजग प्रहरी पर हमला के खिलाफ नागरिक समाज ने निकाला न्याय मार्च

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर के पत्रकार फिरोज आलम उर्फ झुन्नू बाबा पर ड्रग व् भूमि माफियाओं द्वारा कातिलाना हमले के खिलाफ 10 अगस्त को न्याय मार्च निकालकर सभा किया गया‌।

जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में शहरवासियों ने समस्तीपुर शहर के माधुरी चौक पर एकत्रित होकर नागरिक समाज के बैनर तले पत्रकार फिरोज आलम के हमलावरों को गिरफ्तार कर जेल में बंद करो, चौथा खंभा के सजग प्रहरी पर बढ़ते हमले पर रोक लगाओ, पत्रकार असुरक्षित क्यों- भाजपा-जदयू नीतीश कुमार जबाब दो आदि नारे लगाते हुए न्याय मार्च निकाला। न्याय मार्च माधुरी चौक से चलकर जिला मुख्यालय का भ्रमण कर सरकारी बस स्टैंड में सभा में तब्दील हो गया। सभा की अध्यक्षता नागरिक समाज के जिला संयोजक सेवानिवृत्त सैनिक रामबली सिंह, संचालन सह संयोजक सह भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया।

सभा को जीतेंद्र कुमार, दीनबंधु प्रसाद, गंगा साह, रामलाल राम, उपेंद्र राय, राजद के शाहिद हुसैन, राम विनोद पासवान, राकेश ठाकुर, भाकपा के शंकर साह, शंभू राय, विश्वनाथ सिंह हजारी, भगवान लाल पासवान, विन्देश्वर राय, विवेकानंद शर्मा, रंजीत कुमार रंभू, रामनरेश राय, अरविंद कुमार, अशोक राय आदि ने संबोधित किया‌।

इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि हाल के दिनों में बिहार में पत्रकारों पर हमला बढ़ा है। कहा कि प्रजातंत्र की रक्षा के लिए चौथा खंभा पत्रकारिता महत्वपूर्ण अंग है। यह व्यवस्थापिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका को आईना दिखाता है, लेकिन हाल के दिनों में पत्रकारिता को निशाना बनाया जा रहा है। सच लिखने, सच बोलने, सच छापने पर पत्रकारों पर हमले किये जा रहे हैं।

पत्रकार फिरोज आलम उर्फ झुन्नू बाबा भू-माफिया एवं ड्रग माफिया के खिलाफ खबर लिखे थे। माफियाओं द्वारा धमकी देने की बात वे पुलिस को बताये भी थे। बाबजूद इसके बीते 8 अगस्त को खबर संकलन के दौरान खाटू श्याम मंदिर के पास माफियाओं ने सोची समझी रणनीति के तहत उनपर हमला कर दिया। इसमें वे बुरी तरह घायल हो गये। सदर अस्पताल में ईलाज चला, फर्द बयान दर्ज हुआ लेकिन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया।

माले नेता सिंह ने कहा कि जब एक पत्रकार के हमलावरों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाती है तो आम-अवाम का क्या होगा? माले नेता ने आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने अन्यथा आंदोलन तेज करने की घोषणा की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *