उसे चुनें जो आपकी सुने, उसकी सुने जो चास की सुने-मंच
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास नगर निगम के संभावित चुनाव को ध्यान में रखते हुए नागरिक अधिकार मंच द्वारा 21 जनवरी से मतदाता जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया।
यह अभियान मंच के केंद्रीय अध्यक्ष शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’ के नेतृत्व में चलाया गया, जिसका उद्देश्य चास नगर निगम क्षेत्र की जनता को जागरूक कर ईमानदार, कर्मठ और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील प्रतिनिधियों के चयन के लिए प्रेरित करना है।
अभियान की शुरुआत चास मुख्य गरगा पुल के समीप स्थित भारत माता की प्रतिमा तथा चास चेकपोस्ट स्थित अमर स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। मंच के कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों को नमन करते हुए उनसे प्रेरणा और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर मंच के केंद्रीय अध्यक्ष शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’ ने चास नगर निगम क्षेत्र की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज चास की हालत अत्यंत दयनीय और नारकीय हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में न तो रहिवासियों को पीने के लिए शुद्ध पानी उपलब्ध हो पा रहा है और न ही चलने के लिए साफ-सुथरी सड़के है। गलियों में नालियां बजबजा रही हैं और कई स्थानों पर बिजली के तार लटकते हुए दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की गंदी नालियों का पानी गरगा नदी और सिंगारी जोरिया में बहाकर इन्हें पूरी तरह प्रदूषित कर दिया गया है, जिससे उपरोक्त जलस्रोत अब गंदे नाले में तब्दील हो चुके हैं। कहा कि कई तालाबों पर अतिक्रमण हो चुका है, जबकि कुछ तालाब प्रदूषण की गंभीर मार झेल रहे हैं। पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण राहगीर मजबूरन सड़कों पर वाहन खड़े करते हैं, जिससे सड़कों की चौड़ाई कम हो जाती है और जाम की समस्या बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि निगम की लापरवाही के कारण चास का कचरा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर फेंका जा रहा है, जो प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। केंद्रीय अध्यक्ष ने नगर निगम कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि क्षेत्र में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता की शिकायतें अनसुनी रह जाती हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि वर्तमान हालात देखकर चास नगर निगम को चास नरक निगम कहना अधिक उपयुक्त प्रतीत होता है।
उन्होंने चास की जनता से अपील करते हुए कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव में ऐसे मेयर और पार्षदों का चुनाव करें जो जनता के दु:ख-दर्द को देखें, सुनें और उसे दूर करने की ईमानदार कोशिश करें। यदि इस बार भी कर्मठ और ईमानदार प्रतिनिधियों का चुनाव नहीं हुआ तो आने वाले समय में चास की स्थिति और भी बदतर हो जाएगी। कहा कि उसे चुनें जो आपकी सुने तथा उसकी सुने जो चास की सुने।
कार्यक्रम में मुकुल ओझा के अलावा मृणाल कांत चौबे, अभय कुमार गोलू, अखिलेश ओझा, मिथिलेश सिंह, वीरेंद्र चौबे, बबलू पांडेय, लक्ष्मी नारायण यादव, धर्मेंद्र कुमार, नेहा कुमारी, ओम प्रकाश साह, मुन्ना गुप्ता सहित नागरिक अधिकार मंच के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में चास की बेहतरी के लिए जागरूक और जिम्मेदार मतदान की आवश्यकता पर बल दिया।
![]()













Leave a Reply