Advertisement

शहर हो या गांव सभी शक्ति स्वरूपा नौदेवी की भक्ति में लीन

सोनपुर के देवी मंदिरों में या देवी सर्वभूतेषु शक्ति-रूपेण संस्थिता नमो नमः की गूंज

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। शारदीय नवरात्रि में पूरा सारण जिला शक्ति स्वरूपा नौदेवी की भक्ति में लीन है। शहर हो या गांव देवी गीतों की गूंज चहुदिशाओं मे व्याप्त है। दुर्गा पूजा पंडालों एवं देवी मंदिरों के प्रांगण में स्थापित हवन -कुंडों में होम के साथ-साथ दुर्गासप्तशती का या देवी सर्वभूतेषु शक्ति-रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः मंत्र जाप चल रहा है।

शक्ति स्वरूपा माता को समर्पित यह श्लोक भक्तों के मन और मस्तिष्क के भीतर असीम ऊर्जा प्रवाहित कर रहा है। देवी के सभी मंदिरों में दुर्गा सप्तशती का निरंतर पाठ चल रहा है। पवित्रता की ऐसी मिशाल कम ही देखने को मिलती है।
जिला के हद में दिघवारा के आमी स्थित प्रसिद्ध अम्बिका भवानी, दिघवारा गांव की महिषासुरमर्दिनी नकटी देवी मंदिर, शीतलपुर में मनाईंन माई के मंदिरों में दर्शन -पूजन के लिए भक्तों की अपार भीड़ उमड़ रही है। वहीं सोनपुर में नारायणी नदी किनारे काली घाट के ऊंचे डीह पर माता काली का प्रसिद्ध मंदिर अवस्थित है। यहां मंदिर में दक्षिणमुखी देवी काली की प्रतिमा स्थापित है। इस मंदिर को बिहार का दक्षिणेश्वरी मंदिर के नाम से ख्याति प्राप्त है।

सोनपुर के काली मंदिर के पुजारी वैद्यनाथ गिरि बताते हैं कि शुद्ध और सात्विक ढंग से देवी काली की पूजा यहां होती हैं। कहा कि दस महाविद्याओं में इनकी गणना होती है। निकट ही आप रुपी गौरीशंकर मंदिर में देवी की भगवान शिव के साथ एवं गरुड़ – विष्णु मंदिर में भगवान श्रीहरि विष्णु के बाएं भाग में शिव लिंग धारण किए चतुर्भुजी देवी काली की अति प्राचीन प्रतिमा है।

आपरूपी गौरी शंकर मंदिर के मुख्य पुजारी अरविंद द्विवेदी बताते हैं कि नवरात्रि में यहां भक्ति भाव एवं श्रद्धा से समर्पित होकर माता की शरणागत रहने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। बाबा हरिहरनाथ मन्दिर में प्रसिद्ध महिषासुरमर्दिनी देवी दुर्गा एवं प्रथम दुर्गा शैल पुत्री पार्वती की मूर्ति स्थापित है, जहां भक्ति भाव से पूजा जारी है। मंदिर के मुख्य अर्चक आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री एवं पुजारी पंडित पवन शास्त्री का कहना है कि दुर्गा माता के ही दोनों स्वरूप हैं। सच्चे एवं पवित्र भाव से माता की आराधना करने वाले भक्तों पर माता का आशीर्वाद बना रहता है।

ध्यान देने योग्य है कि शारदीय नवरात्र के खास मौके पर सोनपुर प्रखंड के हद में सबलपुर बभनटोली स्थित दुर्गा माता मंदिर में प्रातःकालीन बेला से ही भक्तों की भीड़ देखी जा रही है। हरिहरनाथ पहलेजा मुख्य पथ पर राहर दियारा चौक पर दु:खहरनी माता मंदिर में देवी दुर्गा मंदिर में पूजा की सर्वाधिक भीड़ देखी जा रही है। मंदिर के पुजारी सुधीर पांडेय कहते हैं कि सर्वमंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थ साधिके, शरण्ये त्र्यंबके गौरी नारायणि नमोस्तुते मंत्र का जाप हमेशा यहां होता रहता है। नवरात्रि में सप्तमी से ही यहां मेला लग जाता है।

दुर्गा मंडपों में भी गूंज रहा है या देवी सर्वभूतेषु मातृ-रूपेण संस्थिता

बाढ़, कटाव और लगातार बरसात से आहत सबलपुर दियारे के चार स्थानों कचहरी बाजार, लालू प्रसाद यादव उच्च विद्यालय, सबलपुर बभन टोली देवी स्थान, सबलपुर नया बाजार पर दुर्गा पूजा भक्ति भाव से हो रहा है। इसी तरह सोनपुर में हरिहरनाथ चौक, मीना बाजार ड्रोलिया सिंदूर चौक के पास, सिद्धनाथ चौक, सोनपुर आदम देवी स्थान, रजिस्ट्री कार्यालय परिसर, शहीद महेश्वर चौक एवं हरिहर नाथ द्वार, कृषि प्रदर्शनी रोड में देवी स्थान के पास, आनंदपुर में दो स्थानों पर बरबट्टा शिव मंदिर एवं कॉलोनी, शाहपुर, गोला बाजार सहित दो दर्जन से अधिक स्थानों पर देवी दुर्गा की पूजा की धूम मची है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *