Advertisement

CISF के जांबाज खिलाड़ियों ने अमेरिका में लहराया तिरंगा

विश्व पुलिस प्रतियोगिता में 64 पदकों के साथ भारत तीसरे स्थान पर

मुश्ताक खान/मुंबई। हाल ही में अमेरिका के इरमिंगम में आयोजित विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल 2025 में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 64 पदक भारत की झोली में डाल दिया।

सीआईएसएफ बल के जवानों ने एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय मंच पर न केवल देश का नाम रोशन किया है, बल्कि अमेरिका में भारत का तिरंगा बुलंद किया है। हर दो वर्षों में आयोजित होने वाले इस खेल प्रतियोगिता में तैराकी, एथलेटिक्स, सॉफ्टबॉल आदि का समावेश होता है। अमेरिका में आयोजित इस बार की प्रतियोगिता के महाकुंभ में 70 से अधिक देशों के लगभग 10,000 एथलीटों ने हिस्सा लिया।

गौरतलब है कि “विश्व पुलिस एवं अग्निशमन दल” की प्रतियोगिता दुनिया के सबसे बड़े आयोजनों में से एक है, इस प्रतियोगिता में विश्व के विभिन्न देशों के पुलिस के जवान और अग्निशमन कर्मी हिस्सा लेते हैं और अपनी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। विश्व पुलिस और अग्निशमन खेलों में 60 से अधिक विभिन्न खेल और प्रतियोगिताएं होती हैं। इस वर्ष, 70 से अधिक देशों के लगभग 10,000 एथलीटों ने इस भव्य आयोजन में हिस्सा लिया। इनमें सीआईएसएफ टीम ने 6 विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया और असाधारण प्रदर्शन करते हुए अपने जौहर, साहस, शक्ति और शानदार टीम वर्क का परिचय दिया। टीम के हर खिलाड़ी ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर भारत का परचम लहराया। सीआईएसएफ के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने भारत को कुल 560 पदकों के साथ समग्र पदक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और खेल के क्षेत्र में हमारे पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की बढ़ती ताकत को दर्शाता है।

उल्लेखनीय है कि इस खेल प्रतियोगिता में बिहार के एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना योगदान दिया। विशेष रूप से, बिहार के पूर्वी चंपारण जिले की विजया कुमारी ने अपने अविश्वसनीय प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने निम्नलिखित पदक जीतकर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई 100 मीटर में स्वर्ण पदक, 100 मीटर रिले में स्वर्ण पदक, 400 मीटर मिश्रित रिले में स्वर्ण पदक, 200 मीटर में रजत पदक, 400 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक, 400 मीटर में कांस्य पदक CISF हमेशा से ही फिटनेस, अनुशासन और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है।

विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों में टीम का यह प्रभावशाली प्रदर्शन विश्व मंच पर हमारे कर्मियों की शारीरिक और मानसिक दृढ़ संकल्प का प्रत्यक्ष प्रमाण है। यह उपलब्धि न केवल सीआईएसएफ के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। 7 दिवसीय विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल 2025 की समाप्ति के बाद अब पूरी टीम भारत लौटी है।

Tegs: #CISF-brave-players-waved-the-tricolor-in-america

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *