Advertisement

सारण की धरती से चिराग ने किया विधानसभा चुनाव लड़ने का एलान

बिहार के सभी 243 विधानसभा सीटों पर लोजपा (आर) लड़ सकती है चुनाव

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने 6 जुलाई को सारण की धरती से बड़ा एलान किया कि उन्हें बिहार आने से रोकने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि वे किसी से डरने वाले नहीं है। वे विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और उनकी पार्टी बिहार के सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

चिराग सारण जिला मुख्यालय छपरा शहर के राजेंद्र स्टेडियम में पार्टी द्वारा आयोजित नव संकल्प महासभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना इशारो में कहा कि कई ऐसे व्यक्ति हैं जो नहीं चाहते कि चिराग पासवान बिहार आए। उन्हें डर है कि चिराग बिहार आ गया तो युवाओं को उनका हक दिलाएगा। षडयंत्र रचा जाता है कि किसी तरह बिहार में चिराग पासवान को नहीं आने दिया जाए। बार – बार सवाल पूछा जाता है कि क्या चिराग पासवान विधानसभा का चुनाव लड़ेगा।

उन्होंने कहा कि सारण की इस धरती से एलान करता हूं कि चुनाव लडूंगा। उन्होंने बिहार के 243 सीटों पर लोजपा के चुनाव लड़ने की बात कही। उन्होंने बिहार के विधि व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह चिंता की बात है कि मैं जिस सरकार का समर्थन कर रहा हूं वह सरकार सुशासन के लिए जानी जाती है। ऐसे में आपराधिक घटनाओं के लिए और इस तरह के अपराधियों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है।

उन्होंने कहा कि मुझे घर से निकाला गया। परिवार से निकाला गया। सभी सोचते थे कि हम कमजोर हो गए। चिराग डर जायेगा। इन बातों से न रुकनेवाला हूं, न थकने वाला हूं। डर तो किसी से नहीं है। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान शेर का बेटा है। रामविलास पासवान का बेटा है। सर पर कफ़न बांध कर निकला है। जब तक बिहार को विकसित राज्य न बना दूं, चैन से नहीं बैठनेवाला। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बिहार आने से रोकने की साजिश की जा रही है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *