Advertisement

कबड्डी के मैदान से भविष्य की उड़ान, बोकारो में बच्चों को मिल रहा मुफ्त प्रशिक्षण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सेक्टर 9 क्लब प्रांगण में 20 दिवसीय ग्रीष्मकालीन कबड्डी प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हो गया है। यह शिविर बोकारो जिला कबड्डी संघ के महासचिव मनोज कुमार शर्मा की पहल पर पूर्णतः निःशुल्क आयोजित किया गया है।

बताया जाता है कि हर दिन सुबह 6 से 8 बजे तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में दर्जनों बच्चों और बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर की विशेष बात यह है कि इसमें गरीब तबके के बच्चों को नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है, बल्कि समाज कल्याण की दिशा में भी सकारात्मक प्रयास हो रहा है।

समारोह की मुख्य अतिथि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस बोकारो जिला की सचिव और राष्ट्रीय पत्रकार डॉ संघमिता सिंह ने हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने अन्य दोस्तों को भी इस शिविर से जोड़ें और इस प्राचीन खेल को अपनाएं।

डॉ सिंह ने प्रशिक्षु बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की और आयोजन समिति विशेष रूप से मनोज कुमार शर्मा के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में राजीव कुमार सिंह, विकास कुमार सिंह समेत अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। ज्ञात हो कि, उक्त शिविर का उद्देश्य सिर्फ कबड्डी का प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि बच्चों में आपसी मेल-जोल, अनुशासन और शारीरिक सशक्तता को बढ़ावा देना है। यह प्रयास कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल को जीवित रखने की दिशा में प्रेरणादायक कदम है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *