रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के उद्देश्य से बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड में सहयोगिनी संस्था द्वारा किशोरी क्लब की स्थापना की गयी। किशोरी क्लब के माध्यम से विभिन्न जागरूकता एवं क्षमता-निर्माण गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रयासों से किशोरियों में नेतृत्व क्षमता का विकास हो रहा है, जिससे वे बाल विवाह की परंपरा को तोड़ने में सफल हो रही हैं।
सहयोगिनी की समन्वयक कुमारी किरण और मंजू देवी ने बताया कि कसमार प्रखंड के 11 गांवों में किशोरियों के साथ मिलकर नेतृत्व क्षमता विकास को लेकर विशेष गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रखंड के हद में गर्री, सोनपुरा और पोंडा पंचायत के 11 गांवों में लगातार कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। नियमित बैठकें आयोजित कर बाल विवाह और अन्य सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की जाती है। किशोरियों को बाल विवाह निषेध अधिनियम, पॉक्सो, घरेलू हिंसा अधिनियम, शिक्षा का अधिकार अधिनियम सहित अन्य कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाती है।

बताया गया कि उपरोक्त जगहों में इसके साथ फुटबॉल और विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जो टीम भावना और शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देती हैं।
स्टेकहोल्डर बैठक, नेतृत्व क्षमता प्रशिक्षण, लाइफ स्किल प्रशिक्षण जैसी गतिविधियों के माध्यम से किशोरियों में नेतृत्व क्षमता का विकास हो रहा है। वे अब बाल विवाह से संबंधित हानिकारक परंपराओं को चुनौती देने और तोड़ने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। कहा गया कि किशोरी क्लब का यह प्रयास ग्रामीण स्तर पर लड़कियों को सशक्त बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।
![]()













Leave a Reply