मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया बंशीधर महोत्सव को लेकर बड़ा ऐलान

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हर वर्ष गढ़वा में श्रीबंशीधर महोत्सव मनाया जाता है। गुजरे कुछ सालों से इस महोत्सव को और अधिक भव्य बनाने एवं महोत्सव का पैमाना बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने संकल्प लिया है। अब श्रीबंशीधर महोत्सव राजकीय महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। देश-दुनिया में यह महोत्सव अपना अलग स्थान बनाए, इस निमित्त उनकी सरकार इस महोत्सव को राजकीय महोत्सव के रूप में आयोजित करने की घोषणा की थी।

मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि आज हमसभी इस महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में उपस्थित हुए हैं। इस पावन बेला पर सभी को राज्य सरकार की ओर से शुभकामनाएं। झारखंड के गढ़वा जिला के हद में नगरऊंटारी में आयोजित राजकीय श्रीबंशीधर महोत्सव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आने वाले वर्षों में हम राज्यवासियों के उत्थान तथा उनके विकास के लिए क्या-क्या कार्य करेंगे, इसकी रूपरेखा तैयार हो रही है। इन कार्यों का बजटीय उपबंध विधान सभा सत्र के माध्यम से पारित कर राज्य सरकार अपना कार्य शुरू करेगी।

इस निमित्त विधान सभा सत्र आहूत की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मैदान में वे पहली बार नहीं आये है। इससे पूर्व वे कई बार आये है। वे हाथ जोड़कर नमन करते है। कहा कि आपने हमें कभी निराश नहीं किया। आज आशीर्वाद के रूप में आपने सरकार को मजबूत करने के लिए श्रीबंशीधर नगर और पलामू प्रमंडल को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार के पक्ष में दो-दो विधायक चुनकर दिए हैं।

सीएम सोरेन ने कहा कि राज्य की आधी आबादी को उनके पैरों पर खड़ा करने के लिए ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए राज्य की सभी महिलाओं को उन्होंने सम्मान राशि देने का काम किया है। देश के 28 राज्यों में नारी शक्ति को सबसे अधिक सम्मान देने का काम झारखंड में किया जाता है, वह भी राज्य सरकार द्वारा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे कहते नहीं बल्कि करके दिखाने वाले हैं। हमने चुनाव से पहले जो वादा किया, सरकार बनते ही उस वादा को पूर्ण करने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे तकलीफ भी होती है कि इतना मन लगाकर कार्य करने के बावजूद कुछ असामाजिक तत्व हमारे कार्यों में व्यवधान डालते हैं। हमें कार्य करने से रोकते हैं एवं झूठा आरोप लगाकर हमें परेशान किया जाता है। इनको अच्छा कार्य पसंद नहीं है।

उन्होंने कहा कि पलामू प्रमंडल पानी के लिए हमेशा तरसता रहा है। यह शैडो जोन में आता है। गर्मी यहां अधिक पड़ती है। किसान पानी की बूंद के लिए तरसते रहते है, लेकिन पानी की व्यवस्था नहीं हो पाती है। इसके लिए आप चिंता ना करें। पूर्व के अपने शासनकाल में हमने इस क्षेत्र के गांव, खेत और किसानों तक पानी पहुंचाने का संकल्प लिया था। उसके तहत सरकार ने कनहर परियोजना का शुभारंभ किया था। लगभग 1200 करोड़ रुपए की यह योजना आने वाले 6 से 8 महीने में पूर्ण होने जा रहा है, जो यहां के किसानों के खेतों में पानी पहुंचाने का कार्य करेगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार राजधानी रांची से चलने वाली सरकार नहीं है। हमारी सरकार राज्य के गांव-गांव से चलने वाली सरकार है। यह जनता की सरकार है। जनता के दुःख, तकलीफ उनके आंसुओं को पोछने का वे हमेशा से प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों वे आपके बीच आपका आशीर्वाद पाने के लिए आए थे। तब उन्होंने कहा था कि हमने आपके लिए पूरे 5 साल मजदूरी की है, इसके लिए मुझे जेल भी जाना पड़ा है। इसलिए आपसे हमें हमारी मजदूरी का हिस्सा मिलना चाहिए। आप सभी ने हमें हमारी मजदूरी का हिस्सा राज्य में एक मजबूत सरकार के गठन करने के रूप में दिया है। आप सभी का आशीर्वाद हमें सदैव प्राप्त होता रहा है। मुझे विश्वास है कि यही स्नेह और प्यार आने वाले समय में भी आप सभी हमें देंगे।

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि पहले इस प्रमंडल में बिजली नहीं मिल पाती थी। वर्ष 2013-14 में जब वे पहली बार मुख्यमंत्री बने थे उस समय पलामू प्रमंडल को बिजली से किसी ने जोड़ने का काम किया था तो वह उनके मुख्यमंत्रीत्व काल में ही किया गया था। उन्होंने कहा कि आज आधारभूत संरचना की बात करें तो हर ओर सड़क का निर्माण हो रहा है, उससे राहगीरों का आवागमन हो रहा है। कनेक्टिविटी तेजी से बढ़ रही है। विगत 5 वर्षों में यहां जो बदलाव देखने को मिला, वह राज्य अलग होने के 20 से 22 साल तक देखने को नहीं मिला था। कहा कि प्रत्येक सेक्टर में राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों को पर्यटन के रूप में विकसित किया जाएगा-सीएम

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमने बंशीधर महोत्सव को राजकीय महोत्सव बनाया। इसी तरह पलामू प्रमंडल में हमने आदिवासी भाइयों के दुबिया खांड मेला को राजकीय महोत्सव का दर्जा दिया है। अब इस राज्य में ऐसे सभी धार्मिक स्थलों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की भावी योजना बनाने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गठन के बाद हम ने कलम चलाना प्रारंभ किया है। अभी इसे जमीन में उतरना बाकी है। आप सभी का आशीर्वाद आपका सहयोग यूं ही बना रहा तो विगत 5 साल में जो गति विकास को दिया गया है, उस गति को सौ गुना बढ़ाने का वे वादा करते है। यहां की जो भी चिर परिचित मांगे है उन सभी मांगों का समाधान करने का कार्य राज्य सरकार करेगी। सीएम ने कहा कि राज्य में सरकार गठन के बाद पहला सत्र चल रहा है, इसके बाद सरकार आपके द्वार आएगी। आपकी समस्या का समाधान आपके दरवाजे पर करने का कार्य करेगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर 45 करोड़ 88 लाख 57 हज़ार रुपए की लागत से 8 योजनाओं की आधारशिला रखी। वहीं, 136 करोड़ 84 लाख 51 हज़ार रुपए की लागत की 19 योजनाओं का उद्घाटन किया। जिन महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन किया गया उनमें भंडरिया, रंका, धुरकी, चिनियाँ, रमकंडा और गढ़वा में मल्टीपरपस इनडोर स्टेडियम का निर्माण सहित स्वास्थ्य तथा पथ निर्माण विभाग के विभिन्न 19 योजनाएं शामिल हैं।

मौके पर विधायक अनंत प्रताप देव, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक नरेश प्रसाद सिंह, पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, आईजी पलामू सुनील भास्कर, डीआईजी, वाईएस रमेश, जिले के उपायुक्त तथा पुलिस अधीक्षक समेत जिला प्रशासन के कई पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

 34 total views,  34 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *