सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा, बड़ाजामदा व् किरीबुरू में श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हो गया है।
ज्ञात हो कि छठ व्रतीयों द्वारा 25 अक्टूबर को नहाय-खाय के साथ व्रत की शुरुआत की गयी। इस अवसर पर सभी छठव्रती महिलाएं गुवा के कुसुम घाट स्थित कारो नदी में स्नान कर पवित्र जल ग्रहण करने के बाद घर लौटकर लौकी-भात का प्रसाद ग्रहण किया। इसी के साथ छठ पर्व का शुभारंभ हो गया है।
दूसरे दिन 26 अक्टूबर की संध्या बेला व्रतियों द्वारा खरना पूजा की जाएगी, जिसमें पूरे दिन निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को खीर-पूरी का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। वहीं 27 अक्टूबर की संध्या अस्ताचलगामी भगवान भाष्कर (सूर्य) को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि 28 अक्टूबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ लोक आस्था का यह महापर्व संपन्न होगा।
जिला के हद में गुवा के कुसुम घाट स्थित छठ घाट पर समाजसेवियों गोविंद पाठक एवं हेमराज सोनार तथा गुवा सेल प्रबंधन के सहयोग से विशेष गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इस गंगा आरती को भव्य बनाने के लिए बनारस से विशेष रूप से पुरोहितों को आमंत्रित किया गया है। गंगा आरती के दौरान दीपों की लौ और भक्ति संगीत से पूरा वातावरण श्रद्धामय बनेगा। स्थानीय रहिवासियों में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। गुवा में गंगा आरती आगामी 27 अक्टूबर को संध्या में तथा 28 अक्टूबर को उगते सूर्य के समय आयोजित की जाएगी।
![]()













Leave a Reply