प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित गोल्डेन जुबली मैदान में बीते 21 दिसंबर से चल रहे स्वर्गीय अनंत मोहन सिन्हा एवं स्वर्गीय आरोही रानी क्रिकेट टूर्नामेंट में 31 दिसंबर को मनोज राजदत्त छपरगढ़ा की टीम ने अजीत एकादश तोपचांची की टीम को आठ विकेट से हरा कर विजेता बना। विजेता टीम को बीस हजार रुपए और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया और उप विजेता टीम को बारह हजार रुपए और रनर ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
टूर्नामेंट के मुख्य अतिथि गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने इस अवसर पर कहा कि सभी खिलाड़ियों ने खेल को खेल भावना से खेला। पढ़ाई के साथ साथ खेल भी स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है। यहीं से खिलाड़ी राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं।
मुख्य अतिथि के साथ जिप सदस्य माला देवी, तेनुघाट पंचायत की मुखिया नीलम श्रीवास्तव, पूर्व मुखिया रेखा सिन्हा, उप मुखिया रीता देवी, पंचायत समिति सदस्य अजीत कुमार पांडेय, रमेंद्र कुमार सिंहा, संतोष श्रीवास्तव, संजय शर्मा, वीरेंद्र प्रसाद आदि ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी और सफल टूर्नामेंट के लिए आयोजक सदस्यों को भी बधाई दी। साथ ही संयुक्त रूप से खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए तोपचांची की टीम ने आठ ओवर में 73 रन बनाए। जवाबी पारी खेलते हुए छपरगढ़ा की टीम ने छह ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 74 रन बना कर मैच जीत लिया। इस तरह छपरगढ़ा की टीम आठ विकेट से मैच जीत कर कप पर कब्जा जमाया। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार टीसीटी क्लब तेनुघाट के विक्की कुमार यादव और मैच में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार छपरगढ़ा के दीपक कुमार को दिया गया। मैच में अंपायर की भूमिका रोहित राय और सौरभ सिंह, स्कोरर की भूमिका रोहन कुमार और कॉमेंटेटर की भूमिका अनिकेत नंदन ने निभाई।

वहीं क्रिकेट मैच प्रारम्भ होने से पहले सभी दर्शक व खिलाड़ियों ने दो मिनट का मौन रख कर दिवंगत आत्मा के लिए भगवान से प्रार्थना किया। वहीं खेल को सफल बनाने में सौरभ सिंह, अमन सिंह, हर्षित आर्यन, रंजीत यादव, मौन्टी कटरियार, अमन यादव, रामजीत यादव, रोशन कुमार, डब्लू यादव, आयुष सिन्हा सहित अन्य की अहम भूमिका रही। गोल्डन जुबली मैदान का नाम बदल कर अब कुमार अनंत मोहन सिन्हा एवं कुमारी आरोही रानी के नाम पर रखे जाने का भी प्रस्ताव लिया गया। पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने बताया कि इस गोल्डेन जुबली मैदान का नाम स्वर्गीय अनंत मोहन सिन्हा और स्वर्गीय आरोही रानी के नाम पर किया जाएगा।
![]()













Leave a Reply