Advertisement

ठगो द्वारा पानी मांगने के बहाने चास की महिला से लाखों के स्वर्णआभूषण की ठगी

एसपी के हस्तक्षेप से घटना के नौ दिन बाद थाना में मामला दर्ज

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में चास थाना क्षेत्र के कुंवर सिंह कॉलोनी से बीते 21 अगस्त को ठगो द्वारा दिनदहाड़े महिला से लाखो के स्वर्णआभूषण की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया हैं।

जानकारी के अनुसार मामले को लेकर पीड़िता द्वारा चास थाना में दिए गये तहरीर पर मामला दर्ज करने में थाना प्रभारी द्वारा आनाकानी करने को लेकर जिले के पुलिस कप्तान (एसपी) से शिकायत के बाद एसपी हरबिंदर सिंह के हस्तक्षेप से बीते 29 अगस्त को पुलिस द्वारा मामला दर्ज किया गया हैं। पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस को ठगो से जुड़े सीसीटीवी उपलब्ध करा दिया गया है।

चास थाना में दिए आवेदन में पीड़िता ने कहा हैं कि 21 अगस्त की दोपहर लगभग दो बजे जब वह अपने बच्चे को स्कूल से लेकर लौट रही थी कि अचानक पॉपुलर मेडिकल सब्जी मंडी के समीप दो अज्ञात व्यक्ति पानी मांगने के बहाने स्वयं को हरिद्वार का भविष्यवक्ता बताते हुए उसके बच्चे के तीन दिन में मौत होने का भय दिखाया।

ठगो द्वारा तंत्र मंत्र से ठीक करने के नाम पर घर में रखा सोना व् चांदी का आभूषण लाने को कहा गया। साथ हीं रिद्धि सिद्धि से ठीक करने का झांसा दिया। पीड़िता के अनुसार वह ठगो के झांसे में आकर भय व् अंधविश्वास में घर में रखा गहना यथा सोने की बाला दो, मंगलसूत्र एक, ढोलना एक, चेन एक, कान की बाली चार, अंगूठी चार, मंगलटिका एक, नथीया एक, टॉप्स दो, नोजपीन तीन, डायमंड की अंगूठी एक, चांदी की अंगूठी एक, पायल दो तथा सिक्का तीन पीस लेकर कुंवर सिंह की प्रतिमा के समीप पहुंची।

पीड़िता के अनुसार भय व् अंधविश्वास में उसने दोनों अज्ञात ठगो को आभूषण दे दी। ठगो के कहे अनुसार वह 36 कदम पीछे जाने के बाद जब पीछे मुड़कर देखी तबतक दोनों ठग फरार हो गये थे। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि घटना की जानकारी देते हुए पीड़िता द्वारा घटना के दिन संध्या लगभग चार बजे चास थाना में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की गयी तथा थाना प्रभारी को घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज दिखाया गया, बावजूद इसके थाना प्रभारी सुषमा कुमारी द्वारा मामले को टालते हुए ठगो का बाइक नंबर की मांग की गयी।

उक्त मामले को जब जगत प्रहरी द्वारा जिला के हद में कथारा ओपी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी के सज्ञान में दी गयी। इसके बाद एसपी के हस्तक्षेप के बाद चास थाना प्रभारी द्वारा बीते 29 अगस्त को थाना में कांड क्रमांक-125/25 धारा-319(2) व् 318(4) दर्ज किया गया हैं। ज्ञात हो कि पीड़िता का पति अनुमंडल अस्पताल चास में सेवारत है। बावजूद इसके पुलिस द्वारा मामले को लेकर किए गये तालमटोल की नीति अपनाना समझ से परे है। ऐसे में आप पीड़ितों के हाल का स्वतः हीं अंदाजा लगाया जा सकता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *