अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला मुख्यालय छपरा स्थित अवर प्रादेशिक नियोजनालय एक बार फिर सुर्खियों में है।
बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार जुलाई माह में अवर प्रादेशिक नियोजनालय छपरा ने वह कर दिखाया जो केवल सपनों में सोचा जाता था। जहां पहले यह बिहार के 35वें स्थान पर था, अब सीधे छलांग लगाकर चौथे स्थान पर पहुंच गया है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि इस कार्यालय की बदली हुई कार्यशैली और नव-पदस्थापित पदाधिकारियों की अथक मेहनत का परिणाम है।
जानकारी के अनुसार नियोजनालय में अब करियर सूचना केन्द्र को नया रूप देते हुए एक आधुनिक, पूर्णत: वातानुकूलित, निःशुल्क पुस्तकालय शुरू किया गया है। जिसमें आरामदायक बैठने की व्यवस्था, सैकड़ों पुस्तकें और निःशुल्क वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यानी सारण जिले के युवाओं के लिए ज्ञान, करियर और अवसर सब कुछ एक ही छत के नीचे। सिर्फ यही नहीं, बीते महीने में यहां पांच सफल जॉब कैंपस आयोजित किए गए, जिनमें 110 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न रोजगारों के लिए किया गया। वहीं, 572 छात्रों को करियर मार्गदर्शन दिया गया, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य की राह और आसान हो गई।
सही दिशा, नई सोच और टीमवर्क से बदलाव संभव-भरतजी राम
अवर प्रादेशिक नियोजनालय छपरा के सहायक निदेशक भरतजी राम ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए 31 अगस्त को कहा कि यह सारण जिला के लिए गर्व की बात है। कहा कि आप सभी ने साबित कर दिया कि सही दिशा, नई सोच और टीमवर्क से बदलाव संभव है। हम सभी को इसी उत्साह और ऊर्जा के साथ आगे भी काम करना है। उन्होंने कहा कि यहां के युवाओं के लिए यह बदलाव सिर्फ आंकड़े नहीं, बल्कि उम्मीद और नए अवसरों का पैगाम है। छपरा का नाम अब बिहार के रोजगार मानचित्र पर नई ऊंचाई लेकर चमक रहा है।
![]()













Leave a Reply