एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के झिरकी में बीते 29 जून को स्कूली बच्चों के बीच चेन कुली की मेन कुली खेल महोत्सव का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार रेनुकिरण वेलफेयर फाउंडेशन और सेंट्रल कोलफील्ड लिमिटेड (सीसीएल) कथारा क्षेत्र के सहयोग व मार्गदर्शन में उम्मीद संस्था द्वारा झिरकी में चेन कुली की मेन कुली खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। यह आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास, खेल भावना और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था। इस अवसर पर तीन प्रतियोगिताएं आयोजित की गई जिसमें बोरी दौड़, गोली चम्मच दौड़ और सौ मीटर बाधा दौड़ शामिल है।
जानकारी देते हुए सत्यलोक के संस्थापक डॉ एस एन राय ने बताया कि उक्त आयोजन में 16 वर्ष से कम उम्र के सौ से अधिक स्कूली बच्चों जिसमें छात्र एवं छात्रा शामिल थे ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बताया कि आयोजन में प्रतिभागी छात्र-छात्रा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों से आए थे, जिनमें आई. ए. मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, प्राइमरी स्कूल चटनिया, स्वर्ण बचपन पब्लिक स्कूल, यूयूएमएस झिरकी, होली इंडिया, सेंट मदर टेरेसा, झारखंड इंटरनेशनल स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल कथारा और उत्क्रमित मध्य विद्यालय झिड़की शामिल हैं। सभी प्रतिभागियों को उनकी सहभागिता और मेहनत के लिए प्रोत्साहित किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को स्केट बोर्ड, द्वितीय स्थान पर रहे बच्चों को स्कूल बैग और तृतीय स्थान पर रहे प्रतिभागियों को स्टील की वॉटर बॉटल पुरस्कार स्वरूप दी गई। साथ ही, सभी विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। उन्होंने बताया कि इस आयोजन की खास बात यह थी कि इसका थीम स्वच्छता पखवाड़ा और पर्यावरण जागरूकता पर आधारित था।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वच्छता के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही वृक्षारोपण के माध्यम से हरियाली को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कथारा ओपी प्रभारी व् सीसीएल कथारा क्षेत्र के विभागाध्यक्ष सीएसआर चंदन कुमार उपस्थित थे, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस के अलावा यहां न्यू मिशन ऑफ लाइफ फाउंडेशन के संस्थापक सुनीता सिंह, झिड़की पंचायत के पुर्व पंसस मो. मनव्वर, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण शामिल रहे।
भारी बारिश के बाद भी उम्मीद संस्था के सभी ग्राउंड लेवल वॉलंटियर्स ने पूरे समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। यह आयोजन न केवल बच्चों के लिए खेल प्रतिस्पर्धा था, बल्कि यह उन्हें समाज के प्रति ज़िम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति जागरूकता की ओर प्रेरित करने वाला एक महत्वपूर्ण प्रयास भी था। रेनुकिरण वेलफेयर फाउंडेशन, सीसीएल कथारा क्षेत्र और उम्मीद संस्था द्वारा किया गया यह सराहनीय प्रयास भविष्य में भी ऐसे आयोजन करने के लिए प्रेरणा बनेगा।
![]()













Leave a Reply