भाजपा सांसद सहित जिले के प्रदेश स्तरीय नेताओं ने किया खुशी का इजहार
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के भाजपा सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने 8 फरवरी को दिल्ली में संपन्न विधानसभा चुनाव परिणाम में भाजपा की प्रचंड जीत के लिए बीजेपी दिल्ली के सभी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ गृहमंत्री अमित साह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेव को साधुवाद दी है।
उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास के विजन और मोदी की गारंटी पर दिल्लीवासियों के विश्वास की यह ऐतिहासिक जीत, विकास और सुशासन की विजय है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता का इस प्रचंड समर्थन के लिए हृदय से आभार है। भाजपा दिल्ली को विश्व की सर्वश्रेष्ठ राजधानी बनाने के लिए संकल्पित है। सारण जिला भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने इस जीत पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि झूठा प्रचार कर जनता का वोट लेकर दिल्ली में सरकार बनाने के बाद अरविन्द केजरीवाल ने दिल्ली को शराब एवं नशा तस्करी का केन्द्र बनाया था, जिसे इस चुनाव में मतदाताओं ने खारिज कर दिया।
अब जनप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार बनेगी और दिल्ली का विकास तेज होगा। उन्होंने कमल खिलाने के लिए दिल्ली की जनता एवं दिल्ली प्रदेश के कार्यकर्ता तथा पार्टी के सभी प्रदेश के प्रवासी कार्यकर्ता जिसमें बिहार एवं सारण के कार्यकर्ता शामिल हैं को बधाई दी।
बिहार प्रदेश भाजपा प्रवक्ता उपेन्द्र सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली तो सिर्फ़ झांकी है, बिहार अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की जनता ने जिस प्रकार से केजरीवाल को नकार दिया है, उससे एक बात तो स्पष्ट है कि भ्रष्टाचारियों को जनता कभी माफ नहीं करती। दिल्ली के रहिवासियों का प्रधानमंत्री मोदी के लिए प्यार यह स्पष्ट करता है कि देश के दिल में मोदी है। कहा कि आनेवाले बिहार विधानसभा चुनाव में भी भ्रष्टाचारियों के लिए कोई जगह नहीं है और इंडी गठबंधन इसी तरह समाप्त हो जाएगा।
सोनपुर के पूर्व भाजपा विधायक विनय कुमार सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली के दिल में मोदी जी हैं। उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत पर जनता का अभिनंदन करते हुए समस्त भाजपा परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी के विकासवाद और जनकल्याणकारी नीतियों की एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के कुशल नेतृत्व पर जनता जनार्दन की जीत है। कहा कि यह जीत विकसित भारत के संकल्प को और मजबूती देगी।
दिल्ली में भाजपा की जीत पर सोनपुर में जश्न, उड़े गुलाल, बंटी मिठाई
जानकारी के अनुसार सारण जिला के हद में सोनपुर नगर भाजपा द्वारा भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बब्लु के नेतृत्व में रजिस्ट्री बाजार स्थित स्थानीय दुर्गा स्थान में दिल्ली में राजग गठबंधन की ऐतिहासिक जीत पर जश्न मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई जीत की बधाई दी। अबीर, गुलाल भी लगाए और गुलाल उड़ाकर जीत का बसंतोत्सव भी मनाया। भाजपा नेताओं ने केद्रीय नेतृत्व, दिल्ली भाजपा के कार्यकर्त्ता एवं प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को भी इसके लिए बधाई और साधुवाद दी।
उक्त कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा नेता ओम कुमार सिंह, प्रदेश भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ सह संयोजक सुनील कुमार सिंह, सिवान जिला भाजपा प्रभारी लाल बाबू सिंह कुशवाहा, निवर्तमान भाजपा नगर अध्यक्ष शशिभूषण कुमार सिंह, नमामि गंगे जिला संयोजक सुनील दुबे, वरीय भाजपा नेता धनंजय सिंह, सुबोध कुमार सिंह, महेश कुमार, अरुण कुमार सिंह, सूर्य प्रकाश सिंह मुन्ना, राजेश कुमार राज, सोनु सिंह सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्त्ता शामिल हुए।
36 total views, 36 views today