Advertisement

सरस्वती पूजा श्रद्धा और शांति के साथ मनाएं, हुड़दंग बर्दाश्त नहीं-थाना प्रभारी

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र में सरस्वती पूजा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कसमार थाना प्रभारी कुंदन प्रकाश ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा है कि सरस्वती पूजा को श्रद्धा, भक्ति और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। पूजा के नाम पर किसी भी तरह का हुड़दंग, अश्लील गीत, तेज आवाज में डीजे बजाना, नशाखोरी या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि सरस्वती पूजा ज्ञान, विद्या और संस्कार का पर्व है, जिसे आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में निर्धारित समय और नियमों का पालन अनिवार्य है। कहा कि प्रशासन की ओर से पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं, जिनका पालन करना सभी के लिए जरूरी है।

थाना प्रभारी ने कहा कि सरस्वती पूजा ज्ञान और सद्भाव का पर्व है। इसे पूरे श्रद्धा और अनुशासन के साथ मनाया जाए। किसी भी तरह की अव्यवस्था, हुड़दंग, अश्लीलता या नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शांति भंग करने की किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान पुलिस बल लगातार गश्त करेगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी। डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और लाउडस्पीकर का प्रयोग केवल निर्धारित समय और मानक के अनुसार ही किया जा सकेगा। कहा कि असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने पूजा समितियों, युवाओं और अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी प्रशासन का साथ दें, ताकि पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की सूचना या समस्या होने पर तुरंत कसमार थाना को सूचित करें, पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी। अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों को सरस्वती पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आइए, हम सब मिलकर ज्ञान की देवी मां सरस्वती की पूजा शांति, सद्भाव और अनुशासन के साथ करें और समाज में सकारात्मक संदेश दें।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *