एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र के कथारा कोल वाशरी में इन दिनों मधुमक्खियां का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। आए दिन मधुमक्खियां यहां के कामगारों सहित अधिकारियों को भी अपना कोपभाजन बना रही है, जिससे यहां कार्यरत कामगारों में भय व्याप्त है।
बताया जाता है कि इसी क्रम में 6 मार्च की संध्या कथारा वाशरी रॉ कोल सेक्शन में कार्यरत कर्मी अमित कुमार को अचानक मधुमक्खी ने अपना शिकार बना लिया, जिससे अमित बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें सहकर्मियों की मदद से कथारा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। अस्पताल के चिकित्सक डॉ निशा टोप्पो के अनुसार मधुमक्खी के हमले से घायल मरीज की हालत खतरे से बाहर है।
ज्ञात हो की पूर्व में भी कथारा वाशरी में कार्यरत लगभग दर्जन भर कर्मियों सहित दो अधिकारियों को मधुमक्खियों ने अपना शिकार बनाकर बुरी तरह घायल कर दिया था, हालांकि मधुमक्खी के डंक से अब तक किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुआ है। यह अच्छी बात है। लेकिन यदि लगातार इसी प्रकार मधुमक्खियों का प्रकोप जारी रहा तो वाशरी कर्मी काम करने से कतराएंगे। कर्मियों ने परियोजना पदाधिकारी से इस मामले में ध्यान देने तथा मधुमक्खियों से बचाव के उपाय की मांग की है।
![]()













Leave a Reply