Advertisement

सीआईएल अंतर कंपनी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के कप पर सीसीएल का कब्जा

फाइनल में एनसीएल को हराकर सीसीएल बना चैम्पियन

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखण्ड)। झारखंड की राजधानी रांची के मेकॉन स्टेडियम में खेले गये कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) अंतर कंपनी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के 28 फरवरी को खेले गये फाइनल में जीत हासिल कर सीसीएल चैम्पियन बन गया है। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सीसीएल के हरफनमौला खिलाड़ी धनंजय सेदरिया को दिया गया।

ज्ञात हो कि बीते 20 से 28 फरवरी तक आयोजित सीआईएल अंतर कंपनी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का 28 फरवरी को फाइनल मुकाबले के साथ भव्य समापन किया गया। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता मेकॉन स्टेडियम में खेली जा रही थी। फाइनल मुकाबला सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड और नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के बीच खेला गया, जिसने दर्शकों को रोमांच से भर दिया।

टॉस जीतकर सीसीएल ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में एनसीएल की टीम ने 8 विकेट खोकर 125 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सीसीएल की टीम ने रोमांचक मुकाबले में आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर जीत दर्ज की और खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार उपस्थित रहे। इसके साथ ही सीआईएल एवं सीसीएल वेलफेयर बोर्ड के सदस्य तथा महाप्रबंधकगण भी समारोह में मौजूद रहे। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी एक खिलाड़ी रहे है, इसलिए खेल भावना को भली-भांति समझते है। कहा कि फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कहा कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी 10 टीम उनकी अपनी टीम हैं, चाहे कोई जीते या हारे, सभी विजेता हैं।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार कोल इंडिया अंतर क्षेत्रीय क्रिकेट मुकाबला के फाइनल मुकाबले में सीसीएल के धनंजय सेदरिया को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्होंने मात्र 9 गेंदों में नाबाद 21 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, सीसीएल के हिमांशु धूमाश को पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। उप विजेता एनसीएल के राहुल को बेस्ट बैट्समैन तथा सीसीएल के जिशान नवाज खान को बेस्ट बॉलर का अवॉर्ड प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि यह टूर्नामेंट बीते 20 फरवरी को भव्य उद्घाटन के साथ प्रारंभ हुआ था और 28 फरवरी को फाइनल मुकाबले के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। आयोजित प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने भाग लिया। यह आयोजन कोल इंडिया परिवार में टीम भावना, कर्मचारी सहभागिता और सकारात्मक कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

जनसंपर्क विभाग के अनुसार सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व में कोयला खनन के साथ-साथ सीएसआर, कल्याण, खेल एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों, श्रमिकों, ग्रामीणों एवं हितधारकों के समग्र विकास के लिए सीसीएल प्रबंधन निरंतर प्रयासरत है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *