एस. पी. सक्सेना/गिरिडीह (झारखंड)। गिरिडीह जिला के हद में कल्याणडीह से धनबाद सीबीआई टीम ने आरएसईटीआई निदेशक सह बैंक ऑफ इंडिया के वरीय प्रबंधक को बीते 20 जून को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
बताया जाता है कि गिरिडीह के कल्याणडीह स्थित आरएसईटीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक सह बैंक ऑफ इंडिया पचंबा शाखा के वरीय प्रबंधक अभिषेक कमल को 20 हजार रुपए घूस लेते दबोचा गया है। सूत्रों के अनुसार निदेशक सह वरीय प्रबंधक द्वारा कैंटीन संचालक से घूस की राशि डिमांड की गयी थी। कैंटीन संचालक द्वारा पैसे दिए जाने के बाद सीबीआई की टीम ने उसे दबोच लिया। धनबाद सीबीआई एसपी पीके झा ने इसकी पुष्टि की है।
सीबीआई एसपी झा ने बताया कि गिरिडीह के कल्याणडीह में आरएसइटीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान संचालित है। संस्थान के अंदर कैंटीन का संचालन किया जाता है। संस्थान के निदेशक अभिषेक कमल द्वारा कैंटीन संचालन के लिए घूस की मांग की जा रही थी। कैंटीन संचालक द्वारा मामले की शिकायत सीबीआई धनबाद से की गई थी। शिकायत के बाद सीबीआई ने मामले की जांच पड़ताल की।
जांच के दौरान मामला सही पाया गया, इसके बाद सीबीआई टीम ने संस्थान में बीते 20 जून को दबिश दी। संस्थान निदेशक और कैंटीन संचालक के बीच 20 हजार घूस की रकम तय हुई थी। बताया कि संचालक द्वारा रुपए निदेशक को दिए जाने के बाद सीबीआई ने रंगे हाथ धर दबोचा।
सीबीआई एसपी झा ने बताया कि आगे की जांच पड़ताल की जिम्मेदारी रांची सीबीआई को दी गई है। बताया कि हजारीबाग जिला रांची के नजदीक है, इसलिए रांची सीबीआई की टीम उसके आवास पर जांच पड़ताल कर रही है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ज्ञात हो कि गिरिडीह के कल्याणडीह में आरएसईटीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से संचालित है। संस्थान का प्रबंधन बैंक द्वारा किया जाता है। ग्रामीणों की आजीविका के अवसरों को बढ़ाने के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण और कौशल विकास प्रदान करना इस संस्थान का उद्देश्य है। ग्रामीण विकास मंत्रालय और राज्य सरकार द्वारा यह संस्थान संचालित किया जाता है। इसका लक्ष्य ग्रामीण आबादी के लिए आजीविका के अवसरों को बढ़ाने के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण और कौशल विकास प्रदान करना है।
![]()













Leave a Reply