Advertisement

स्वच्छता अभियान की पहल के बीच एनएच पर कचरा डंपिंग बना दुर्घटना का कारण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास क्षेत्र में नगर निगम द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरी क्षेत्र में घर-घर से कचरा उठाव की सराहनीय पहल की जा रही है। यह पहल शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

चास नगर निगम सभी नगरवासियों से अपील करता है कि वे कचरा सड़क पर न फेंकें, बल्कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ी को ही दें। साथ ही, गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग दें, जिससे कचरा प्रबंधन और पुनर्चक्रण कार्य बेहतर हो सके।

हालांकि, नगर निगम के इस पहल के बीच एक गंभीर समस्या भी सामने आ रही है। चास एसडीओ ऑफिस और चास नगर निगम कार्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर नगर निगम द्वारा उठाए गए कचरे को एनएच-32 के किनारे अथवा सड़क पर ही डंप कर दिया जा रहा है। यह मार्ग धनबाद से जमशेदपुर को जोड़ने वाला मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग है, जिस पर दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है।

बताया जाता है कि सड़क किनारे डंप किए गए कचरे के कारण आसपास मवेशियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे सड़क पर लगातार दुर्घटना का खतरा बना रहता है। यह स्थिति कभी भी एक बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

स्थानीय रहिवासियों का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारी इस समस्या को लेकर लापरवाह हैं और बार-बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जरूरत है कि चास नगर निगम स्वच्छता अभियान को पूरी संवेदनशीलता से लागू करे और कचरे के उचित निपटान की व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि स्वच्छता के साथ-साथ सुरक्षा भी बनी रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *