मृतक के आवास पहुंची प्रखंड प्रशासन की टीम, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। पेटरवार थाना के हद में चांदो पंचायत के ठड़घटिया टोला में बीते 29 जनवरी की शाम जंगली हाथी द्वारा कुचलने से स्थानीय रहिवासी बाबूचंद मांझी (35 वर्ष) की हुई दर्दनाक मौत के उपरांत दूसरे दिन 30 जनवरी को प्रातः पेटरवार प्रखंड के प्रशासनिक टीम, वन विभाग के अधिकारी, पुलिस टीम, जिप सदस्य सहित कई प्रतिनिधि मृतक के आवास पहुंचा।
जानकारी के अनुसार प्रशासनिक टीम व् वन विभाग ठड़घटिया टोला स्थित मृतक के आवास पर पहुंचकर घटित घटना की तहकीकात कर वस्तुस्थिति से अवगत हुए। मृतक बाबूचंद की विधवा सावित्री देवी अपने दो बच्चों के साथ शव के पास रो-विलख रही थी।
इधर प्रशासनिक टीम, जिप सदस्य अशोक कुमार मुर्मू एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में वन विभाग के रेंजर अरुण कुमार ने विभागीय प्रावधान के अनुसार मुआवजे की अग्रिम राशि 50 हजार मृतक की विधवा सावित्री देवी को सौंपा। शेष साढ़े तीन लाख रुपये पंद्रह दिन के भीतर दिए जाने की बात कही।

इस अवसर पर पेटरवार बीडीओ शैलेंद्र कुमार चौरसिया, सीओ ब्रजेश श्रीवास्तव, जिप सदस्य अशोक मुर्मू, थाना प्रभारी विनय कुमार, ग्रामीण प्रतिनिधि करमचंद हांसदा, राजेंद्र नायक सहित उपस्थित तमाम ग्रामीण रहिवासियों ने इस दुखद घटना पर शोक जताया।
प्रखंड स्तर पर भी मृतक परिवार को सरकारी सुविधा मुहैया कराए जाने का भरोसा दिया गया। इसके बाद पुलिस टीम द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेज दिया गया।
![]()












Leave a Reply