Advertisement

निजी आईटीआई में प्रशिक्षुओं के लिए कैंपस रिक्रूटमेंट सह प्लेसमेंट ड्राइव कार्यक्रम

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। स्थानीय बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर एवं रोजगारपरक बनाने के उद्देश्य से बोकारो स्टील लिमिटेड (बीएसएल) के निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तत्वाधान में बोकारो इस्पात शैक्षणिक न्यास द्वारा निजी आईटीआई संस्थान संचालित है।

जानकारी के अनुसार चलाये जा रहे बोकारो प्राइवेट आईटीआई में प्रशिक्षुओं के लिए कैंपस रिक्रूटमेंट सह प्लेसमेंट ड्राइव के अंतर्गत 20 और 24 अप्रैल को कैंपस सेलेक्शन का आयोजन किया गया। उक्त कैम्पस में लार्सन एंड टुब्रो, कांचीपुरम, तमिलनाडु में 30 प्रशिक्षु एवं सुजुकी मोटर भरुच, गुजरात में 18 प्रशिक्षु चयनित किए गये।

मौके पर समस्त कर्मियों के साथ बोकारो स्टील प्लांट के सम्पर्क एवं प्रशासन विभाग के महाप्रबंधक सह संस्थान के सचिव सी. आर. के. सुधांशु तथा वित्त एवं लेखा विभाग के उप महाप्रबंधक सह ट्रेजरर रमेश चंद्र की उपस्थिति में सभी चयनित प्रशिक्षुओं को ऑफर लेटर प्रदान किया गया।

विदित हो कि कैंपस रिक्रूटमेंट सह प्लेसमेंट ड्राइव हेतु आगे भी होंडा, स्पार्क मिण्डा, एक्साइड, टीवीएस जैसी कई बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियां कैंपस सेलेक्शन के लिए आने वाली है।

ज्ञात हो कि बोकारो प्राइवेट आईटीआई में सत्र अगस्त 2024 -25 तथा 25 -26 में ट्रेड इलेक्ट्रीशियन के लिए 80, फिटर के लिए 80 तथा वेल्डर के लिए 60 सीट कुल मिलाकर 220 सीटों के लिए नामांकन मई से आरम्भ किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक कौशल विकास हेतु सभी प्रशिक्षुओं को बोकारो इस्पात संयंत्र में ऑन द जॉब ट्रेनिंग भी दी जाती है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *