Advertisement

नेतृत्व क्षमता तथा हिंसा रोकथाम पर सामूहिक जिम्मेदारी का आह्वान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगदा पंचायत भवन में 20 दिसंबर को सहयोगिनी संस्था द्वारा अर्धवार्षिक ज्ञान आधारित स्टेकहोल्डर मीटिंग का आयोजन किया गया।

आयोजित अर्धवार्षिक ज्ञान आधारित स्टेकहोल्डर मीटिंग में बच्चों की शिक्षा, किशोरियों के नेतृत्व क्षमता विकास, सरकारी योजनाओं से जुड़ाव तथा हिंसा की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक में पंचायत प्रतिनिधि, सेविका-सहिया, महिला समूहों की सदस्याएं, अभिभावक एवं अन्य हितधारक उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए बगदा पंचायत की मुखिया गीता देवी ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और किशोरियों का सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास के लिए अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि जब तक युवतियों और महिलाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा और सुरक्षा की सही जानकारी नहीं मिलेगी, तब तक वे आत्मनिर्भर नहीं बन सकती। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता दें और बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ आवाज उठाएं।

उप मुखिया वीरेंद्र करमाली ने कहा कि बाल विवाह और हिंसा समाज के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि किशोरियों में नेतृत्व क्षमता का विकास कर ही उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जा सकता है। उन्होंने सभी हितधारकों से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की हिंसा या बाल विवाह की जानकारी तुरंत पंचायत या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर समाज को सुरक्षित बनाया जा सके।

पंचायत सचिव इमरोज़ अहमद ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की जानकारी देते हुए बताया कि कानून के अनुसार लड़की की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़के की 21 वर्ष निर्धारित है। इससे पहले विवाह करना या कराना दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में पंचायत स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

इस अवसर पर सहयोगिनी संस्था के कार्यक्रम समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने बताया कि संस्था बच्चों, किशोरियों एवं महिलाओं की शिक्षा, जीवन कौशल एवं नेतृत्व विकास के साथ-साथ उन्हें सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना, छात्रवृत्ति, साइकिल योजना एवं कौशल विकास जैसी सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रही है।

बैठक में अभिभावकों और सभी हितधारकों से बच्चों की शिक्षा, हिंसा रोकथाम एवं सुरक्षित समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। बैठक में मुखिया गीता देवी, उप मुखिया विरेन्द्र करमाली, वार्ड सदस्य चमेली देवी, द्रौपदी देवी, पूनम देवी, आंगनबाड़ी सेविका मीना देवी, अंकिता देवी, सरस्वती देवी, एनिमेटर संगीता देवी, पुष्पा देवी, मंगल कुमार, समीर भट्टाचार्य सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं महिला समूह की दीदियां उपस्थित थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *