प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। थाना प्रभारी तथा सीसीएल प्रबंधन द्वारा 3 जून को अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया गया। इसके तहत अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ करमटीया में प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर अवैध धंधेबाजो के मंसूबो को जमींदोज कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया एवं बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र से सटे करमटीया में चल रहे अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ एक बार फिर से प्रशासन का बुलडोजर 3 जून को चला है। बताया जाता है कि करमटीया क्षेत्र में अवैध कोयला उत्खनन के पश्चात जमा कर रखे गए लगभग दो टन कोयला को प्रशासन ने जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गोमिया थाना व् बोकारो थर्मल थाना के सीमावर्ती क्षेत्र करमटिया में सीसीएल के पदाधिकारी एवं गोमिया थाना प्रभारी द्वारा संयुक्त रूप से छापामारी किया गया, जहां बंद कोलियरी से स्थानीय स्तर पर रेट होल बनाकर अवैध रूप से कोयला उत्खनन किया जाता था। प्रशासन ने उक्त रेट होल को जेसीबी मशीन की मदद से बंद कर दिया। वहीं बोरा में भरकर रखा गया करीब दो टन कोयला भी जप्त किया गया है।

इस संबंध में गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि अवैध कोयला व्यापार से सरकारी राजस्व का नुकसान होता है, साथ ही कोयले का दुरूपयोग भी होता है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से अवैध कोयला उत्खनन पर रोक लगाने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। प्रशासन की इस कार्यवायी से एक ओर कोयला माफियाओं के मंसूबो पर पानी फिरता नजर आ रहा है वहीं दूसरी ओर अवैध धंधेबाजो मे हड़कंप मचा है।
![]()













Leave a Reply