Advertisement

मरम्मत के इंतजार में नरेला खंडा गांव की सीमा पर बना पुल

7 माह से बंद पीडब्लूडी के पुल से जनता परेशान

विशेष संवाददाता/मुंबई। कर्जत-कल्याण हाईवे पर नेरल गांव से गुजरने वाली नेरल खंडा गांव की सीमा पर बना छोटा पुल पिछले 7 महीने से ट्रैफिक के लिए बंद किया गया है। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ -साथ आम व खास लोगों सहित ड्राइवरों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि 27 जून 2025 से यह पुल बंद है। प्रशासन की लापरवाही को लेकर लोगों में बहुत गुस्सा है। क्योंकि पीडब्लूडी ने अभी तक कोई पक्का रिपेयर या नया पुल बनाना शुरू नहीं किया है। यह पुल करीब 40 से 50 साल पहले माथेरान की पहाड़ियों से बहने वाले पानी को ले जाने के लिए बनाया गया था।

पुलिस ने 7 माह पहले बंद कराया था पुराना पुल

बताया जाता है कि वर्षों पहले इस पुल से होकर स्टेट हाईवे पर रेगुलर ट्रैफिक चलता रहा। उसके बाद करीब एक दशक पहले कर्जत-कल्याण स्टेट हाईवे को चौड़ा करने के बाद पुराने पुल के बगल में नया पुल बनाया गया। हालांकि, 27 जून 2025 की शाम को जब इस पुल की नींव कमजोर दिखी, तो स्थानीय लोगों ने हादसे का खतरा देखते हुए तुरंत पुल पर ट्रैफिक रोक दिया। इसकी जानकारी मिलने पर नेरल पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया और पुल को आधिकारिक तौर पर ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया। उसके बाद उरण से पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (पी डब्लू डी ) के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुल की हालत गंभीर मानते हुए लोहे का पाइप लगाकर पुल पर किसी भी गाड़ी की आवाजाही रोक दी।

नागरिकों की समस्याओं को अनदेखी करता पी डब्लू डी

हालांकि, तब से काम शुरू करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। जून 2025 से 31 जनवरी 2026 के बीच सात महीने बीत चुके हैं। मानसून समाप्त होने के बाद भी पुराने पुल की जगह नया पुल नहीं बना है और न ही काम शुरू हुआ है। पुल की लंबाई को देखते हुए, यह काम दो महीने में पूरा हो सकता था। लोगों का आरोप है कि पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (पी डब्लू डी) पूरी तरह से उदासीन रवैया अपना रहा है। पुल बंद होने से दूसरे रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम लग जाता है और लोकल लोगों को हर दिन घंटों फंसे रहना पड़ता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *