प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त अजयनाथ झा ने 26 जुलाई को पेटरवार प्रखंड के हद में अंगवाली एवं बेहरगोड़ा के ग्रामीणों की सड़क असुविधा की खबर पाकर तेनु-बोकारो नहर मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने महसूस किया कि वास्तव में यहां के रहिवासी बढ़िया सड़क के अभाव में आवागमन संबंधी समस्या का दंश झेल रहे हैं।
बता दें कि बीते सप्ताह *जगत प्रहरी* में अंगवाली उत्तरी एवं दक्षिणी पंचायत के ग्रामीणों की समस्या को प्रमुखता दी है।
उपायुक्त झा ने पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीण युवकों की बातें क्रमवार सुनी। उन्होंने बीडीओ पेटरवार संतोष कुमार महतो को निर्देश दिया कि भले ही जिस कारण से यह मार्ग नही बन पा रहा हो, लेकिन यह ग्रामीणों के साथ अन्याय है। कहा कि पूरे बोकारो जिला मे इस तरह की सड़क नही है, जो आज देखने को मिली।

तेनुघाट बांध प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रंजीत कुजूर, जेई विकास कुमार, आरसीडी विभाग के कार्यपालक अभियंता अमित कुमार सिंह, एसडीओ रत्नेश्वर दास, सीओ पेटरवार अशोक कुमार राम सहित मुखिया धर्मेंद्र कपरदार, अनिता सोरेन, वार्ड सदस्या सुमन कुमारी की उपस्थिति के बीडीओ संतोष कुमार महतो को निर्देश दिया कि जैसे हो, जहां से हो कोष उपलब्ध कर उक्त नहर मार्ग को अविलंब दुरुस्त करें। इस दौरान कई रहिवासियों ने उपायुक्त को अंगवाली में वर्षों से बंद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की भी जानकारी दी।
मौके पर प्रखंड के कई अधिकारी, अभियंता, अंगवाली उपमुखिया रियाज अहमद, अशोक प्रगणेत, ललन सोनी, शिवकुमार पाल, विजय रजवार, अमित मिश्रा, अजीत रविदास, नंदलाल रजवार, चालक असगर अली सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इस अवसर पर उपस्थित दर्जनों ग्रामीण रहिवासियों ने बताया कि उपायुक्त के दौरे के बाद सड़क की समस्या दूर होने की उनकी आस जगी है।
![]()













Leave a Reply