रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। शिक्षा विभाग बोकारो द्वारा 25-26 अगस्त को आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता में खेलो इंडिया सेंटर बोकारो के खिलाड़ियों ने +2 उच्च विद्यालय चंदनकियारी का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने कुल 8 पदक (4 स्वर्ण एवं 4 रजत) जीतकर बोकारो जिला का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता के कंपाउंड गर्ल्स इवेंट में कुमकुम कुमारी ने स्वर्ण, मनीषा कुमारी ने रजत, कंपाउंड बॉयज इवेंट में विष्णु बाउरी ने स्वर्ण, रिकर्व गर्ल्स इवेंट में साक्षी कुमारी ने स्वर्ण, अमृता कुमारी ने रजत, रिकर्व बॉयज इवेंट में सूरज कुमार तिवारी ने स्वर्ण, सागर कुमार महतो ने रजत हासिल किया।
वहीं प्रतियोगिता के इंडियन राउंड बॉयज इवेंट में अमित बाउरी ने रजत पदक प्राप्त करने में सफलता पायी है। उक्त प्रतियोगिता में खेलो इंडिया सेंटर बोकारो के खिलाड़ियों ने कुल 8 पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि सही प्रशिक्षण और अनुशासन से सफलता निश्चित है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने जिले के खेल प्रेमियों और अभिभावकों में उत्साह का संचार किया है।
इस अवसर पर खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय प्रशिक्षकों एवं खेलो इंडिया सेंटर बोकारो के मार्गदर्शन को दिया। इस सफलता ने बोकारो जिले में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा दी है। उक्त जानकारी बोकारो जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन ने 26 अगस्त को दी।
![]()













Leave a Reply