Advertisement

मोहर्रम को लेकर बोकारो पुलिस सतर्क, मॉक ड्रिल और ड्रोन से होगी निगरानी

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। मोहर्रम पर्व को लेकर बोकारो पुलिस ने पूरी तरह कमर कस ली है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे इसके लिए बीते 4 जुलाई को पुलिस द्वारा व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान बोकारो पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने स्वयं सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी हरविंदर सिंह ने 5 जुलाई को जानकारी देते हुए बताया कि मोहर्रम जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए शहर के 200 से अधिक संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा अतिरिक्त संवेदनशील इलाकों में भी कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके। कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए इस बार ड्रोन कैमरे से भी शहर की निगरानी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मोहर्रम के जुलूस के दौरान 6 जुलाई को जगह जगह पुलिस टीम सिविल ड्रेस में भी तैनात रहेगी, जो भीड़ में रहकर हर गतिविधि की रिपोर्ट एकत्र करेगी। कहा कि इसका उद्देश्य किसी भी तरह का अफवाह, तनाव या उपद्रव की आशंका को पहले भांपकर उसे रोकना है। एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उपद्रव फैलाने वालों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे शांति एवं सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार के अफवाहों से दूर रहें। बोकारो पुलिस का यह प्रयास आमजनों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने की दिशा में एक अहम कदम है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *