Advertisement

बोकारो पुलिस ने किया ठग गिरोह का पर्दाफाश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड के बोकारो में पुलिस टीम द्वारा एक ऐसा ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है, जिसकी चिकनी-चुपड़ी बातों और सरकारी अफसर जैसी अदाओं पर महिलाएं भरोसा कर बैठती थी। प्यार, शादी और सुरक्षित भविष्य का सपना दिखाकर गिरोह न सिर्फ युवतियों तथा महिलाओं का दिल जीतता था, बल्कि मौका मिलते ही जेवरात और नकदी लेकर गायब हो जाता था। इस बार उसकी चालाकी ज्यादा दिन नहीं चल सकी और पुलिस ने उसके पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया।

जानकारी के अनुसार बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह के निर्देश पर सेक्टर चार थाना पुलिस ने बिहार की राजधानी पटना के फतुहा रहिवासी शातिर ठग संकल्प कुमार उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया। आरोपी खुद को कभी बैंक अधिकारी तो कभी सरकारी अफसर बताकर सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं से दोस्ती करता था। बातचीत बढ़ते-बढ़ते प्यार में बदल जाती और फिर वह शादी का भरोसा देकर महिलाओं को अपने जाल में फंसा लेता।

ऐसा ही एक मामला बोकारो के बियाडा कॉलोनी की रहने वाली एक शादीशुदा महिला के साथ घटित हुआ। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद संकल्प ने खुद को बैंक अधिकारी बताया और शादी की बात कहकर भरोसा जीत लिया। कुछ ही दिनों में उसने महिला से कहा कि गहनों को बैंक लॉकर में सुरक्षित रख देना ठीक रहेगा। भरोसे में आई महिला ने अपने कीमती जेवर उसे सौंप दिए। इसके बाद संकल्प अचानक गायब हो गया। उसने अपना मोबाइल भी स्विच ऑफ कर लिया।

ज्वैलर भी था ठगी के खेल में शामिल

बताया जाता है कि जब उक्त महिला को ठगी का अहसास हुआ तो उसने सेक्टर चार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संकल्प को पटना के फतुहा से धर दबोचा। पुलिसिया पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अकेले काम नहीं करता था। ठगे गए जेवरात को गलाने के लिए उसने कुरथा, फतुहा स्थित शशि ज्वेलर्स के मालिक सूर्यकांत सोनी की मदद ली थी। जेवरात को गलाकर छोटे-छोटे सोने के सिक्के बना दिए जाते थे, ताकि पहचान मुश्किल हो जाए।

पूछताछ में जुटी बोकारो पुलिस

बोकारो पुलिस ने पकड़े गये दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1 लाख 75 हजार रुपये नकद और लगभग 22 ग्राम सोना बरामद किया है। एसपी हरविंदर सिंह ने 21 दिसंबर को प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी संकल्प पहले भी ऐसे कई मामलों में शामिल रहा है। वह सरकारी अधिकारी बनकर महिलाओं और युवतियों को शादी का झांसा देता था और मौका मिलते ही गहने लेकर फरार हो जाता था। बताया कि उसकी गिरफ्तारी के बाद कई पुराने मामलों के खुलने की भी उम्मीद है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस ठगी गिरोह का जाल कितना बड़ा है और अब तक कितनी महिलाएं इसकी शिकार बन चुकी हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *