Advertisement

बोकारो विधायक ने बीएसएल प्रबंधन को सौंपा लोकहित से जुड़ा ज्ञापन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने 2 अगस्त को बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के अधिशाषी निदेशक (मानव संसाधन) से मुलाकात कर लोकहित में महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा।

इस बावत विधायक ने बताया कि बीएसएल के विस्तार और बोकारो विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए कई बहुद्देशीय परियोजनाएं लाई गई हैं। इन योजनाओं को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मुख्य सचिव और मंत्रियों से चर्चा के बाद आगे बढ़ाया गया है। इनका उद्देश्य शहर को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना और नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ज्ञापन में सेक्टर छह शास्त्री चौक से तेलमच्चो (एनएच-32) तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है, जिसका कार्यान्वयन सड़क निर्माण विभाग झारखंड सरकार द्वारा किया जाएगा।

नया मोड़ से एआरएम कार्यालय होते हुए दुग्गल गेट से उकरीद मोड़ (एनएच-23) तक भारी वाहनों के लिए समर्पित बाईपास मार्ग का निर्माण भी शामिल है। इसके अलावा बरवाघाट डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने, एक आधुनिक कुश्ती अखाड़ा एवं इनडोर स्टेडियम के निर्माण, एक छात्रावास और खेल परिसर के विकास तथा ईएसआईसी अस्पताल हेतु निःशुल्क भूमि आवंटन का प्रस्ताव भी दिया गया है।

विधायक ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए सेल प्रबंधन से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) आवश्यक है। इससे प्रशासनिक अड़चनों से बचा जा सकेगा और बीएसएल के विस्तार व शहरी विकास के बीच समन्वय स्थापित होगा। उन्होंने आग्रह किया कि एनओसी शीघ्र जारी कर क्षेत्र के नागरिकों और बीएसएल कर्मियों के दीर्घकालिक हित सुनिश्चित किए जाएं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *