Advertisement

अपराधियों पर कार्रवाई कर व्यवसायियों को भयमुक्त करे बोकारो पुलिस-कुमार अमित

एसपी से मिलकर भाजपा नेता ने किया ज्वेलर्स लूटकांड के शीघ्र उद्भेदन की माँग

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला मुख्यालय से सटे चास के आस्था ज्वेलर्स में बीते दिनों हुई भीषण डकैती कांड के अपराधियों की शीघ्र गिरफ़्तारी एवं कड़ी कार्रवाई की माँग को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुमार अमित 24 जून को बोकारो एसपी हरविंदर सिंह से भेंट की।

जानकारी के अनुसार बोकारो एसपी से भेंट में भाजपा नेता कुमार अमित ने कहा कि शहर में सरेआम हुई इस घटना से जिला के व्यवसायी दहशत में हैं। बोकारो वासियों में भी इसे लेकर गहरा आक्रोश है। बोकारो पुलिस शीघ्र इस कांड में संलिप्त अपराधियों की गिरफ़्तारी कर डकैती का सामान बरामद करवाए, जिससे जनता में क़ानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास क़ायम रह सके।

कहा कि पुलिस इन अपराधियों पर कठोर से कठोर कार्रवाई करे, जिससे अन्य अपराधियों में भी पुलिस का ख़ौफ़ बन सके। भाजपा नेता ने कहा कि बोकारो में सरेआम ऐसी घटना अपराधियों के बढ़ते मनोबल का परिणाम है। ज़िला मे अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए बोकारो पुलिस को पेट्रोलिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए सभी तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

भाजपा नेता ने एसपी से बोकारो पुलिस द्वारा आए दिन वाहन चेकिंग के नाम पर आम रहिवासियो को अनावश्यक परेशान न करने की भी माँग की। एसपी ने भी ज़िला में क़ानून व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर चास थाना प्रभारी सुषमा देवी के अलावे भाजपा नेता शिवशंकर राय, लाल बाबू, करण गोरांई, चंद्रप्रकाश, विशाल तिवारी आदि उपस्थित थे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *